सिंहस्थ की तैयारी… दिन के साथ रात में भी युद्धस्तर पर काम
अक्षरविश्व आंखों देखी...कोयला फाटक से छत्रीचौक रोड चौड़ीकरण

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में विकास और सडक़ चौड़ीकरण के काम तेजी से किए जा रहे हैं। इसी तैयारियों के तहत नगर निगम द्वारा कोयला फाटक से छत्रीचौक तक चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस परियोजना में कोयला फाटक से निजातपुरा, कंठाल चौराहा, सतीगेट से होते हुए छत्रीचौक तक का मार्ग शामिल है। सडक़ चौड़ीकरण के साथ प्री कास्ट नाली निर्माण, पेयजल पाइप लाइन बिछाने और पीक्यूसी (पेवमेंट क्वालिटी कांक्रीट) का काम भी किया जा रहा है।
सिंहस्थ महापर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है जिसकी लागत करीब 15 करोड़ रुपए है। इसके लिए अधिकारी भी दिन-रात जुटे हुए हैं। अधिकारियों के निर्देश पर अब रात में भी युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि कोयला फाटक से तिवारी नर्सिंग होम से करीब 100 मीटर आगे तक चौड़ीकरण का काम हो चुका है।
शनिवार को अक्षरविश्व की टीम मौके पर पहुंची और रोड का काम कहां तक पहुंच, क्या-क्या काम हुआ और क्या काम शेष है, इसकी जानकारी जुटाई। तेजी से काम किए जाने यहां के रहवासी और दुकानदार भी खुश नजर आए। उन्होंने कहां इतनी ही तेजी से काम चले तो यह जल्द पूरा हो जाएगा। बाबा महाकाल की सवारी और पेशवाई मार्ग होने के कारण भी यह काफी महत्वपूर्ण है। बता दें कि इस चौड़ीकरण की प्रक्रिया 2025 की शुरुआत से ही शुरू हो गई थी जिसमें टेंडर प्रक्रिया और सेंट्रल मार्किंग शामिल थी। इसका काम २०२६-२७ तक पूरा होने का लक्ष्य है।
कोयला फाटक से तिवारी नर्सिंग होम
कोयला फाटक से तिवारी नर्सिंग होम से करीब 100 मीटर आगे तक चौड़ीकरण के तहत रोड बनाने का काम पूरा हो चुका है। कुछ जगह नाली निर्माण हो चुका है तो बीच में कुछ जगह काम किया जा रहा है। बिजली के पोल शिफ्टिंग का काम पहले ही हो चुका है। यहां से वाहन अब सरपट दौड़ रहे हैं।
नरेंद्र टॉकीज से कोतवाली
नरेंद्र टॉकीज के सामने से कोतवाली (जहां रोड खत्म होता है वहां तक) तक एक हिस्से को बनाने की तैयारी की जा रही है, इसके लिए बेस तैयार किया जा रहा है। दूसरे हिस्से बीच के कुछ हिस्से में पाइप लाइन बिछाने का काम भी किया जा रहा है। इसके साथ ही नाली निर्माण का भी काम किया जा रहा है।
तिवारी नर्सिंग से नरेंद्र टॉकीज के सामने तक
तिवारी नर्सिंग होम के आगे से नरेंद्र टॉकीज के सामने तक आधी हिस्से की रोड बनकर तैयार हो गई। आधे हिस्से को अभी आवागमन के लिए छोड़ा गया है जिस पर से वाहन निकल रहे हैं ताकि लोगों को समस्या का सामना नहीं करना पड़े। हालांकि, वाहनों की संख्या काफी कम है।
सतीगेट से खड़े हनुमान तक
यह मार्ग सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक है। कंठाल चौराहा से सतीगेट के बीच का यह क्षेत्र वर्षों पुराना प्रमुख पारंपरिक बाजार है। यहां कई दुकानें तो काफी पुरानी थी जिन्हें पिछले दिनों तोड़ा गया था। वर्तमान में यहां से मलबा हटाया जा रहा है। इसके अलावा बिजली के तार भी हटाए जा रहे हैं।
रात में काम होना अच्छी बात
चौड़ीकरण का काम काफी तेजी से किया जा रहा है। दिन के साथ रात में भी काम किया जा रहा है। यह अच्छी बात है। यही रफ्तार बनी रही तो बहुत जल्दी काम पूरा हो जाएगा।– संजीव गंगवाल, दुकानदार
काम पूरा होगा तो परेशानी भी खत्म
चौड़ीकरण के काम ने रफ्तार पकड़ ली है। शुरुआत में थोड़ी दिक्कतें जरूर आईं लेकिन अब काम तेजी से चल रहा है और जल्द पूरा भी हो जाएगा। इससे परेशानी खत्म होगी।- मनोज जादौन, रहवासी









