नलों से आ रहा गंदा पानी, हैंडपंप बंद, बूंद-बूंद को तरसती जिंदगियां

कहारवाड़ी क्षेत्र में हालत खराब, रहवासियों का आरोप जिम्मेदारों का ध्यान नहीं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। पानी गए न ऊबरै, मोती, मानुष, चून॥ संत रहीम का यह दोहा आज कड़वी हकीकत बन चुका है। शहर के कई क्षेत्रों में जलसंकट के चलते पानी के लिए लोग परेशान हो रहे हैं। इसी तरह की स्थिति रामघाट मार्ग स्थित कहारवाड़ी में बनी है। जिसके कारण रहवासियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। हालात यह हंै कि कुछ लोग होटलों से पानी भर रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि जिम्मेदारों को शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। दरअसल, इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है।
भू-जलस्तर में भी गिरावट आई है जिसके चलते कई जगह हैंडपंप बंद हो चुके हैं। ऐसे में पानी के लिए लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रामघाट मार्ग स्थित कहारवाड़ी में भी पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। यहां दो हैंडपंप हैं, एक शिप्रा धाम होटल के सामने रोड पर है तो दूसरा होटल के पीछे की ओर गणेश मंदिर के जो अब बंद हो चुके हैं। रोज सुबह 7.30 से 8 बजे तक नलों से पानी तो जरूर आता है लेकिन यह इतना गंदा और बदबूदार होता है कि पीना तो दूर इसका इस्तेमाल अन्य काम के लिए भी नहीं किया जा सकता। यहां होटलों के साथ कई घरों में बोरिंग है लेकिन वहां से किसी को पानी नहीं दिया जाता है। ऐसे में चिलचिलाती धूप में हाथों में बर्तन थामे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। बमुश्किल एक-दो होटल हैं जो रहवासियों को पानी उपलब्ध करवा रहे हैं जिससे उनका गुजारा हो रहा है। रहवासियों का आरोप है कि इस संबंध में क्षेत्रीय पार्षद लीलाबाई वर्मा को भी कई बार शिकायत की लेकिन उन्होंने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया।
रामनवमी से हैंडपंप बंद है जिसके कारण पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। नलों से भी गंदा पानी आता है। घर में यह स्थिति है कि कोई पीने के लिए एक गिलास पानी मांगे तो भी सोचना पड़ता है। आसपास बोरिंग हो गई लेकिन कोई पानी भरने नहीं देता। हैंडपंप चालू हो जाएं तो यहां से निकले वाली श्रद्धालुओं को भी पानी मिलेगा।
भागवंती बाई, कहारवाड़ी
पानी के लिए बहुत परेशान हैं। रोज सुबह यही चिंता होती है कि आज पानी का इंतजाम कहां से करेंगे। बड़ी मुश्किल से एक होटल से पानी भरकर अपनी जरूरतों की पूर्ति करते हैं। हालत ऐसी है कि नौकरी छोड़कर पानी भरना पड़ रहा है। इतनी भीषण गर्मी में सबको आसानी से साफ पानी मिले, इसके लिए हैंडपंप चालू होने चाहिए।
जुगनू प्रजापत, कहारवाड़ी
शहर में पानी की समस्या तो है। शिप्रा धाम होटल के सामने वाला हैंडपंप हमारे वार्ड में है, जबकि दूसरा हमारे वार्ड में नहीं आता। हैंडपंप बंद होने की शिकायत अभी तक किसी भी रहवासी ने नहीं की। आपके माध्यम से समस्या का पता चला है, आज ही इसकी मरम्मत के लिए बोले देंगे।
लीलाबाई वर्मा, पार्षद, वार्ड क्र. 33









