कालभैरव में अब 500 रुपए के प्रोटोकाल में ग्रुप एंट्री नहीं, सिंगल पर्सन को मिलेगा गर्भगृह में प्रवेश

पहले होगा वेरिफिकेशन फिर मिलेगी अनुमति
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बाबा महाकाल के कोतवाल काल भैरव मंदिर में 500 रुपए की वीआईपी प्रोटोकाल व्यवस्था में प्रबंधन ने एक बार फिर बदलाव किया है। अब रुपए चुकाने और प्रोटोकाल रखने वाले लोगों को ग्रुप में एंट्री नहीं मिलेगी। उन्हें एक-एक कर मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। सोमवार से नई व्यवस्था लागू भी कर दी गई।
दरअसल 500 रुपए की शीघ्रदर्शन व्यवस्था ने मंदिर के गर्भगृह में भीड़ काफी बढ़ा दी थी। यूं तो इस व्यवस्था से आने वाले श्रद्धालुओं को बगल के रास्ते से गर्भगृह में ले जाया जा रहा था लेकिन इनकी भीड़ काफी हो रही थी। इसके चलते शनिवार-रविवार को शीघ्रदर्शन व्यवस्था बंद रखी गई थी। गर्भगृह प्रवेश से बन रही अव्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए मंदिर प्रबंधन ने सिंगल एंट्री वेरिफिकेशन सिस्टम लागू किया है।
कैसे काम करेगा सिस्टम
प्रोटोकाल सूची में शामिल श्रद्धालुओं को सबसे पहले मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर अपना वैध प्रोटोकाल नंबर दिखाना होगा।
एक बार में एक व्यक्ति को प्रवेश- प्रोटोकाल में अगर चार लोगों का ग्रुप है तो एक बार में एक ही व्यक्ति को प्रवेश दिया जाएगा। बाकी सदस्यों को पहले सदस्य के गर्भगृह से बाहर आने के बाद ही एंट्री दी जाएगी।
अंदर प्रवेश करने वाला श्रद्धालु सीधे मंदिर प्रशासक कार्यालय के पास बने काउंटर पर जाएगा और अपनी आधिकारिक रसीद कटवाएगा।
दर्शन करके आने वाला पहला शख्स अपनी रसीद लौटकर ग्रुप के दूसरे सदस्य को देगा और इस तरह अन्य को प्रवेश मिलेगा।
कालभैरव मंंदिर की प्रबंधक संध्या मार्कडेंय ने बताया कि नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसका असर यह है कि गर्भगृह में सीमित संख्या में लोग प्रवेश कर रहे हैं।









