जो भी दुकानदार नालियों में कचरा फेंकेगा उस पर लगेगा तगड़ा जुर्माना
निगम आयुक्त ने भार्गव सब्जी मार्केट और वार्ड 9 में पैदल घूमकर व्यापारियों को समझाया

जलभराव रोकने के लिए नालियां साफ करने के निर्देश

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शुक्रवार सुबह भार्गव सब्जी मार्केट पहुंचे निगम आयुक्त ने व्यापारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जो भी दुकानदार नालियों में कचरा फेंकेगा, उसके विरुद्ध भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दरोगा को निर्देशित किया कि सभी दुकानदारों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए प्रेरित करें, ताकि उसे सीधे कचरा वाहन में डाला जा सके और नालियों में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। मानसून के दौरान शहर में संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने संभावित जलभराव के क्षेत्रों में नालियों की सफाई पर फोकस करना शुरू कर दिया है।
ऐसे वार्डों में नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में शुक्रवार सुबह नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने ढाबा रोड चौड़ीकरण कार्य, वार्ड 14 स्थित भार्गव सब्जी मार्केट और वार्ड 9 का पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने ढाबा रोड से सत्यनारायण मंदिर तक निर्माणाधीन सडक़ का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को दोटूक निर्देश दिए कि सडक़ की फिनिशिंग और लेवलिंग का कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप ही समय पर पूरा किया जाए। वार्ड 14 में निरीक्षण के दौरान जब आयुक्त ने देखा कि कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) का कार्य संतोषजनक नहीं है, तो उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी और कचरा संग्रहण एजेंसी के प्रतिनिधि पर तत्काल जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
केडी गेट से हटेगा मलबा, भेरूनाला में तोड़े गए ओटले
आयुक्त ने केडी गेट चौराहे का भी निरीक्षण किया और जोनल अधिकारी को चौड़ीकरण मार्ग पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने तथा नालियों की सफाई के निर्देश दिए। वार्ड 9 के भेरूनाला क्षेत्र में जलभराव की शिकायत मिलते ही निगम आयुक्त मौके पर पहुंचे। उन्होंने नालियों के ऊपर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश दिए, जिसके बाद अमले ने ओटले तोडक़र नालियों की सफाई शुरू की। आयुक्त ने जोनल अधिकारी और स्वास्थ्य निरीक्षक को मार्ग के दोनों ओर की नालियों और चौंबरों की नियमित सफाई बनाए रखने को कहा ताकि वर्षा का पानी सुचारु रूप से बह सके।
सराहनीय कार्य पर थपथपाई पीठ
वार्ड 9 में कचरा संग्रहण वाहन द्वारा किए जा रहे बेहतरीन कचरा सेग्रीगेशन कार्य को देखकर आयुक्त ने खुशी जताई। उन्होंने संबंधित एजेंसी के हेल्पर की पीठ थपथपाते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उससे प्रेरणा लेने को कहा। इस दौरान जोनल अधिकारी श्यामसुंदर शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास, स्वास्थ्य निरीक्षक सहित संबंधित ठेकेदार और कंसल्टेंट भी साथ थे।









