अब चक्रतीर्थ पर ही मिलेगा मृत्यु प्रमाण पत्र

सीएम के निर्देश पर नगर निगम ने लिया, फैसला घर पहुंचाने की पुरानी सुविधा भी रहेगी जारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए अब लोगों को नगर निगम के चक्कर नहीं लगाना होंगे। यह चक्रतीर्थ मुक्तिधाम से ही जारी हो जाएगा।
महापौर मुकेश टटवाल की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम की स्वास्थ्य समिति की एक बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार यह संवेदनशील फैसला लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब मंगलवार से चक्रतीर्थ पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि शोक संतप्त परिजनों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा घर पहुंचकर मृत्यु प्रमाण पत्र देने की वर्तमान सुविधा भी पूर्ववत (पहले की तरह) जारी रहेगी।
कचरा गाडिय़ों का समय हो तय, पार्षदों से करें समन्वय
महापौर ने व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों का समय निर्धारित करने को कहा ताकि गाडिय़ां हर वार्ड में वक्त पर पहुंचें। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, आवारा पशुओं पर कार्रवाई और आगामी त्योहारों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य सत्यनारायण चौहान, सलाहकार समिति के सदस्य सुरेंद्र मेहर, गजेंद्र हिरवे, बबीता घनश्याम गौड़ उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे, राघवेंद्र सिंह पालिया, कार्यपालन यंत्री जगदीश मालवीय आदि मौजूद थे।
खुले में डॉग को शौच कराई तो कटेगा चालान
बैठक में शहर के उद्यानों (पार्कों) और सार्वजनिक स्थलों पर पालतू श्वानों (डॉग्स) को खुले में शौच कराने की बढ़ती समस्या पर गंभीर चर्चा हुई। इससे होने वाली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि जो भी श्वान मालिक अपने पालतू जानवरों से पार्कों या सड़कों पर गंदगी करवा रहे हैं, उनके विरुद्ध प्रभावी चालानी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाए।









