वसूली में अव्वल महिला तहसीलदार सम्मानित

लापरवाह अधिकारियों को कलेक्टर की दो टूक-जनसमस्याओं के समाधान में न हो देरी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने राजस्व वसूली में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली तीन महिला तहसीलदारों को सम्मानित किया। इनमें बडऩगर की तहसीलदार दिपाली जैन, तराना की तहसीलदार टीना मालवीय और उज्जैन की तहसीलदार दीपिका झाला शामिल हैं। कलेक्टर ने उन्हें प्रोत्साहन राशि का चेक भेंट कर उनके कार्य की सराहना की और अन्य अधिकारियों को भी इसी निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में गुरुवार को कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली राजस्व संबंधी शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर और तय समय-सीमा के भीतर होना चाहिए। कलेक्टर ने किसी भी शिकायत को अनावश्यक लंबित न रखने की चेतावनी दी।
पटवारियों पर नजर रखें गांव पहुंच रहे कि नहीं
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन पटवारियों की कार्यस्थल पर मौजूदगी जांचें। पटवारियों को गांव-गांव भ्रमण करने और ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही हल करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में आधार से आरओआर खसरे की लिंकिंग, पीएम किसान ई-केवायसी, भू-अर्जन, नजूल प्रकरण और राजस्व वसूली जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि नामांतरण, बटांकन और सीमांकन जैसे कार्यों में विलंब कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने तहसीलों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए भी निर्देशित किया।
आगामी पर्वों और आयोजनों को लेकर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले आयोजनों की पूरी जानकारी रखें और निचले अमले से निरंतर संपर्क में रहें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।









