Popup Image
Advertisement

गोवर्धनधाम नगर, परवाना नगर, सिंधी कॉलोनी के 500 गैस कनेक्शन बंद, चूल्हे नहीं जले, लोग परेशान

लापरवाही… गोवर्धनधाम नगर में सीवरेज प्रोजेक्ट की जेसीबी ने पाइप और गैसलाइन फोड़ी

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गोवर्धनधाम नगर में सीवरेज प्रोजेक्ट के लिए खुदाई कर रही टाटा की सहयोगी कंपनी की जेसीबी ने पाइप और गैसलाइन फोड़ दी। इसकी वजह से गोवर्धनधाम नगर, परवानानगर और सिंधी कॉलोनी के 500 से ज्यादा गैस कनेक्शन बंद हो गए। घरों में चूल्हे नहीं जले और लोग चाय-नाश्ते के लिए तरस गए। टूट-फूट इतनी बड़ी है कि 16 घंटे बाद भी गैस कंपनी के कर्मचारी रिपेयरिंग नहीं कर सके हैं। 20 लोगों की टीम मौके पर डटी हुई है।

दरअसल, सीवरेज प्रोजेक्ट को डेडलाइन में पूरा करने के लिए टाटा के साथ अन्य कंपनियों से भी काम करवाया जा रहा है। करीब 8 साल से चल रहे इस प्रोजेक्ट की गति इतनी धीमी है कि कई कॉलोनियों में अब तक कनेक्शन ही नहीं हो सके हैं। नए शहर में आने वाली गोवर्धनधाम नगर कॉलोनी में गुरुवार की शाम कंपनी ने खुदाई का काम शुरू किया था। मौके पर पीएचई और गैस कंपनी के कर्मचारी भी मौजूद थे।

Advertisement

सीवरेज कंपनी के जेसीबी चालक ने खुदाई शुरू की और फिर जेसीबी के पंजे इतनी तेजी से चलाए कि पाइप और गैसलाइन दोनों फूट गई। इस वजह से सड़कों पर पानी बह निकला। गैस भी रिसकर बाहर आने लगी। एहतियात बतौर पीछे से नॉब बंद करवाई गई। पीएनजी पाइपलाइन फूटते से ही अवंतिका गैस एजेंसी के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और टीम के साथ काम शुरू करवाया। जिस जगह पाइपलाइन फूटी थी, वहंा भूमिगत जलस्तर काफी है,ऐसे में पानी भी तेजी से बहकर बाहर आने लगा। इस पानी के बीच गैस पाइप लाइन को ढूंढना और रिपेयर करना कठिन हो गया।

पूरी रात चला काम, पानी ने बढ़ाई परेशानी: गैस कंपनी के कर्मचारी पूरी रात गड्ढें से पानी उलीचते रहे, लेकिन वे जितना पानी निकालते, उससे दोगुना पानी फिर गड्ढे में चला आता। करीब १ दर्जन से ज्यादा कर्मचारी मशक्कत करते रहे। शुक्रवार की सुबह अतिरिक्त स्टाफ बुलाया गया और पंप लगाकर पानी तोड़ा गया। बावजूद इसके सुबह ११ बजे तक पाइपलाइन ठीक नहीं हो सकी थी।

Advertisement

लापरवाही से फूटी गैस पाइपलाइन

एनपी पटेल कंस्ट्र्रक्शन कंपनी के जेसीबी चालक की लापरवाही से गैस और पाइपलाइन फूटी है। सैकड़ों घरों में शुक्रवार को चूल्हे तक नहीं जले। पीएनजी कनेक्शन होने के बाद लोग सिलेंडर का प्रयोग कम ही करते हैं। सुबह बच्चे बगैर लंच के ही स्कूल गए। जिन घरों में बुजुर्ग हैं, उनको भी दिक्कत आई। रूटीन पूरा प्रभावित हो गया।
शैलेंद्र कुशवाह, कारोबारी

लाइन फोडऩे के बाद जेसीबी चालक चला गया

खुदाई के दौरान अवंतिका कंपनी के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया भी कि यहां सावधानी से खुदाई करें, लेकिन जेसीबी चालक नहीं माना। रात भर से परेशान हो रहे हैं, दो दर्जन कर्मचारियों के साथ गैस पाइपलाइन की मरम्मत की कल शाम से कोशिश कर रहे हैं। गड्ढे से इतना पानी बाहर आ रहा है कि फॉल्ट वाली जगह ही नहीं मिल रही है। पंप लगाकर पानी निकालेंगे और फिर मरम्मत करेंगे। हादसे से करीब ५०० कनेक्शन प्रभावित हुए हैं।
योगेश कुमार, इंजीनियर, अवंतिका गैस एजेंसी

सीवरेज खुदाई करते समय सभी विभागों से समन्वय बनाकर ही काम कर रहे हैं। पीएनजी कंपनी के लोग भी मौके पर थे, उनके बताए मुताबिक ही सावधानी रखते हुए खुदाई की थी, पंजा गहरा लगने से गैस पाइप लाइन में फॉल्ट हुआ है। आगे से और ज्यादा सावधानी से काम करेंगे।
अंकित सिंह चढिय़ा, सुपरवाइजर, एनपी पटेल कंपनी

परवाना नगर में भी पाइपलाइन फोड़ी

इंदौर रोड के परवानानगर में भी सीवरेज प्रोजेक्ट की खुदाई में लापरवाही बरतने का मामला सामने आ रहा है। वार्ड 47 में आने वाले परवानानगर में मकान नंबर 11 के सामने पाइपलाइन सीवरेज खुदाई के दौरान फोड़ दी गई। रहवासी शुभम जोशी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 5 बजे सीवरेज प्रोजेक्ट की खुदाइ का काम चल रहा था और इसी दौरान पाइपलाइन फूटी। सुबह 11 बजे तक पानी बह रहा था और इसे रोकने वाला कोई नहीं था। जोशी ने अफसरों से अनुरोध किया कि वह खुदाई करते समय सावधानी रखने पर जोर दें। पाइपलाइन फोडऩे वाले ठेकेदार एवं जिम्मेदार अफसर पर कार्रवाई भी करें।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें