Popup Image
Advertisement

जयसिंहपुरा थप्पड़ कांड : होटल तोडऩे पहुंची निगम टीम सील लगाकर लौटी

इंजीनियरों की कलमबंद हड़ताल के बाद दिखा कड़ा तेवर, आरोपी गिरफ्तार-जेल भेजा

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम के फायर ऑफिसर लक्ष्मण प्रसाद साहू के थप्पड़ की गूंज गुरुवार जयसिंहपुरा में तीन घंटे तक गूंजती रही। थप्पड़ मारने वाले शख्स की पीतांबरा रेसीडेंसी होटल को जेसीबी लेकर तोडऩे पहुंचा निगम का अमला तीन घंटे तक मशक्कत करता रहा। टीम होटल तो नहीं तोड़ सकी लेकिन उसे सील करने में कामयाब रही।

दरअसल, फायर सेफ्टी की जांच करने पहुंचे निगम के ऑफिसर एलपी साहू को होटल संचालक विकास अरोनिया ने बुधवार को थप्पड़ मारे थे। उसने बेइज्जती करते हुए साहू के दस्तावेज भी होटल के बाहर फेंक दिए थे। यह घटना होटल के ही सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। साहू इंजीनियर कैडर के हैं और उनके साथ हुई बदसलूकी के बाद निगम अफसर और इंजीनियरों का गुस्सा फट पड़ा।

Advertisement

गुरुवार को निगम के तमाम इंजीनियरों ने कलमबंद हड़ताल कर दी और हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने साफ किया कि होटल अवैध बनी है और इसे तोड़ा जाना चाहिए। इंजीनियर की बात मान भी ली गई और निगम की रिमूवल गैंग पूरे साजो-सामान के साथ मौके पर पहुंच भी गई। एकजुट अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी था। महाकाल टीआई गगन बादल ने बताया कि आरोपी विकास अरोनिया को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। परिजनों ने आरोपी की अग्रिम जमानत के प्रयास भी किए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

3 घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Advertisement

नि गम की टीम जैसे ही बुलडोजर के साथ होटल पहुंची, संचालक परिवार सकते में आ गया। इस दौरान होटल बचाने के लिए एक युवती और संचालक की पत्नी ने पहले मिन्नतें की और जब बात नहीं बनी तो 3 घंटे तक हंगामा किया। इस दौरान माहौल गरम होता रहा। कुछ युवक भी कार्रवाई को गलत ठहराते रहे। पुलिस ने संचालक की पत्नी और युवती को कार में बैठाकर वहां से हटाया। हालांकि, कुछ देर बाद युवती वापस लौटी और सामान निकालने की मोहलत मांगी। इसके बाद निगम की महिला इंजीनियरों ने चौथी मंजिल से लेकर ग्राउंड फ्लोर तक के सभी कमरों को सील कर पंचनामा बनाया और अंत में मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। होटल के बाहर जेसीबी खड़ी रही, लेकिन उसे चलाने का आदेश नहीं मिला। आखिरकार टीम होटल सील करके लौट आई।

पांच मंजिला बिल्डिंग, तीन अवैध, 3 दिन का नोटिस

चारधाम-जयसिंह पुरा रोड पर स्थित पीतांबरा रेसीडेंसी को नक्शे के मुताबिक डबल मंजिल होना था लेकिन नियमों का उल्लंघन कर इसे पांच मंजिला तान दिया गया है। होटल की तीन मंजिल अवैध हैं और इसी आधार पर इसे तोडऩे का नोटिस दिया गया है। बुधवार को जारी नोटिस में तोडऩे की समयसीमा तीन दिन रखी गई है। निगम का अमला दूसरे ही दिन पहुंच गया था। ऐसे में संचालक के परिजन और परिचितों ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने निगम अफसरों पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया। इनका कहना था कि कोई अफसर गाली देंगे तो कोई कैसे सहन करेगा। इसी को लेकर विवाद हुआ।

अभी नोटिस दिया है
होटल संचालक को अवैध निर्माण करने पर तीन दिन का नोटिस दिया है। जैसा जवाब मिलेगा, उस मुताबिक एक्शन होगा।
पवनकुमार सिंह
अपर आयुक्त नगरनिगम

विरोध में निगम कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
फायर ऑफिसर के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवारं दोपहर नगर निगम के मुख्य कार्यालय के गेट पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघो के संरक्षक रामचंद्र कोरट के नेतृत्व में नारेबाजी की गई। स्वायतशासी कर्मचारी संघ के रमेश रघुवंशी, नितिन मूसले, सेवानिवृत कर्मचारी संघ के डॉ. पवन व्यास, रमेश चंद्र निगम और सफाई कामगार संघ के संदीप कलोसिया ने अधिकारी-कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की और अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह को ज्ञापन दिया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें