छात्र की संदिग्ध मौत

उज्जैन। पंवासा के एक युवक की देर रात इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव का पीएम कराया है। रितेश पिता राकेश मंडोर (21) निवासी पंवासा को रात करीब 3 बजे परिजन पेट दर्द की शिकायत पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई। परिजन ने बताया कि रितेश कॉलेज का छात्र था।
होटल में युवक-युवती पहुंचे, आईडी देने में आनाकानी, लव जिहाद की आशंका
उज्जैन। रविशंकर नगर स्थित होटल में शनिवार को उत्तर प्रदेश से आए 3 युवक और 3 युवतियों में से एक ने अपनी आईडी प्रूफ देने में आनाकानी की। इसकी जानकारी होटल संचालक ने बजरंग दल के लोगों को दे दी। जिला संयोजक ऋषभ कुशवाह साथियों के साथ होटल पहुंचे। लव जिहाद की आशंका के चलते महाकाल थाने को सूचना दी।
कोर्ट केस के कारण जीजा ने साले को पीटा
उज्जैन। सुदामा नगर के युवक पर उसके जीजा ने हमला कर घायल कर दिया। माधव नगर पुलिस ने दो लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दुर्गेश पिता बलराम सूर्यवंशी निवासी सुदामा नगर को उसके जीजा कमल निवासी जंबुरा व वीरेन्द्र ने रोका और बोला कि तेरी बहन ने हमारे खिलाफ केस लगाकर अच्छा नहीं किया। इसी बात को लेकर दोनों ने दुर्गेश को पीटकर घायल किया।
युवक का मोबाइल चोरी नाबालिग पकड़ाया
उज्जैन। माधव नगर पुलिस ने बताया कि राजकुमार पिता नारायण मालवीय निवासी इकलेरा थाना बड़ोद हालमुकाम शिवांश सिटी गुरुवार को तीन बत्ती चौराहा पर रथयात्रा देख रहा था तभी पेंट की जेब से अज्ञात बदमाश ने मोबाइल चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चोरी का मोबाइल जब्त किया है।
दुकान में घुसकर युवक को पीटा, तोडफ़ोड़
उज्जैन। मिर्चीनाला क्षेत्र में फेब्रिकेशन दुकान संचालित करने वाले युवक के साथ तीन बदमाशों ने मारपीट कर तोडफ़ोड़ कर दी। खाराकुआं पुलिस ने बताया कि आफताब पिता अब्दुल वाहिद निवासी हरिफाटक रोड कोट मोहल्ला की मिर्चीनाला क्षेत्र में फेब्रिकेशन की दुकान है। उसकी दुकान पर आसिफ खान, उबैद खान, अनवर पहुंचे और रुपयों को लेकर विवाद करने लगे। इस बीच बदमाशों ने आफताब को पीटा और दुकान में तोडफ़ोड़ कर दी।









