रक्तांंचल-3 के कलाकार निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश भस्म आरती में शामिल

वेब सीरीज के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे इंदौर, चंदनराय साथ थे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हाल ही में रिलीज हुई चर्चित वेब सीरीज रक्तांचल-3 के कलाकार निकितिन धीर, क्रांति प्रकाश झा और पंचायत फेम अभिनेता चंदन राय (सहायक सचिव) बुधवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। सभी कलाकारों बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए।
दरअसल, रक्तांचल-3 की टीम अपनी वेब सीरीज के प्रमोशन के सिलसिले में इंदौर आई हुई थी। मंगलवार को इंदौर में मीडिया से चर्चा के बाद कलाकारों ने बुधवार तड़के उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया। तड़के करीब चार बजे मंदिर पहुंचे कलाकारों ने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। भस्म आरती के बाद उन्होंने नंदी महाराज का पूजन किया।
महाकाल के दरबार में आकर बेहद भावुक हूं : क्रांति प्रकाश झा
भगवान महाकाल का दर्शन-पूजन करने के बाद अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने कहा बाबा महाकाल के दरबार में आकर वे बेहद भावुक हैं। उन्होंने कहा, इस अलौकिक अनुभव को शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। बाबा महाकाल का आशीर्वाद पाकर अपार खुशी और असीम आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई है।









