हामूखेड़ी से महामंतेश्वर महादेव व तेलीवाड़ा पर श्री चैतन्य भैरव नए स्थान पर प्रतिष्ठित

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में दो जगह सड़क चौड़ीकरण के कारण प्रभावित हुए मंदिर की प्रतिमाओं को अन्य स्थानों पर विराजित किया गया है।
देवास रोड से हामूखेड़ी बिजासन माता टेकरी तक 750 मीटर लंबाई और 18 मीटर चौड़ाई वाले मार्ग को 10 करोड़ 40 लाख की लागत से चौड़ा किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अति प्राचीन महामंतेश्वर महादेव मंदिर एवं तेलीवाड़ा चौराहा स्थित श्री चैतन्य भैरव मंदिर को सम्मानपूर्वक स्थानांतरित करने के लिए निगम और जनभागीदारी से मार्ग के साइड पोर्च पर नए मंदिरों का निर्माण कराया गया।
हामूखेड़ी में वरिष्ठ समाजसेवी व भाजपा नगर कोषाध्यक्ष प्रकाश यादव के नेतृत्व में तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव हुआ। श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ शंकर, श्री गणेश, श्री कार्तिकेय और माता पार्वती की प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सोमवार को महायज्ञ की पूर्णाहुति हुई। निगम अध्यक्ष कलावती यादव, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी और वरिष्ठ समाजसेवी नारायण यादव की उपस्थिति में महाआरती व प्रसादी वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुआ।
तेलीवाड़ा में स्थापित हुईं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं
तेलीवाड़ा चौराहा स्थित प्राचीन श्री चैतन्य भैरव मंदिर को शासकीय भूमि पर बने नवीन मंदिर में विधि-विधान से पुन: स्थापित किया गया। यहाँ भगवान श्री गणेश, हनुमान जी, राम-लक्ष्मण-जानकी, राधा-कृष्ण, श्री खाटू श्याम एवं श्री चैतन्य भैरव जी की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। सोमवार सुबह अनुष्ठान व महायज्ञ के बाद शाम को महाआरती का आयोजन हुआ।









