किशोर को भगा ले गई जयसिंहपुरा की युवती, पुलिस ने परिवार को सौंपा नाबालिग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आपने युवकों के युवतियों के भगा ले जाने के किस्से तो खूब सुने होंगे लेकिन महाकाल थाने में एक अनूठा मामला दर्ज किया गया। यहां एक युवती एक किशोर को अपने साथ भगा ले गई। दोनों गुजरात चले गए। किशोर के परिजन ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई तो पुलिस अलर्ट हुई। इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद युवती और किशोर उज्जैन लौट आए। किशोर को परिजन को सौंप युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
दरअसल , महाकाल थाने में मोहनपुरा की रहने वाली महिला ने 15 साल के पुत्र के लापता होने की 16 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि महाकाल कॉरिडोर में उसकी दुकान है। उसका बेटा राम सोलंकी (पहचान छुपाने के लिए नाम बदला गया है) 13 जुलाई को दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था लेकिन वह फिर नहीं लौटा। रिश्तेदारों के यहां तलाश एवं पूछताछ के बावजूद उसका पता नहीं चल रहा है। महिला ने किशोर को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका भी जताई थी। ऐसे में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी।
जयसिंहपुरा की युवती से दोस्ती
पुलिस ने जब पड़ताल की तो पता चला कि किशोर जयसिंहपुरा में रहने वाली अपनी बहन की 18 साल की ननद के संपर्क में था। दोनों को कई बार साथ देखा गया था। दोनों इंस्टाग्राम पर भी जुड़े थे। युवती की भी गुमशुदगी महाकाल थाने में दर्ज थी। वह 13 जुलाई से लापता थी। प्रधान आरक्षक सुनील पाटीदार ने बताया कि चूंकि दोनों इंस्टाग्राम चलाते थे तो दोनों से ही घर लौटने की अपील की गई। बुधवार को दोनों घर पहुंचे तो परिजन उन्हें थाने ले आए। यहां युवती के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रकरण दर्ज किया और किशोर को परिजन को सौंप दिया।
ट्रेन से गुजरात गए
युवती और किशोर ट्रेन में बैठकर गुजरात चले गए थे। दोनों रुपए भी ले गए थे। दोनों शादी करना चाहते थे, पर परिजनों की अपील पर लौट आए। फिलहाल दोनों यह नहीं बता सके कि वह गुजरात के किस शहर में ठहरे थे। उनका कहना है कि उन्होंने जो ट्रेन पकड़ी, उसका अंतिम स्टॉपेज गुजरात का शहर था। यहां उतरकर दोनों घूमें, फिरे और जब रुपए खत्म हो गए तो लौट आए।
नाबालिग को ले जाने वाला गिरफ्तार
उज्जैन। इंगोरिया पुलिस ने एक नाबालिग को भगा ले जाने वाले आरोपी को धार जिले की बदनावर तहसील के धुरेरी ब्रिज से गिरफ्तार किया है। नाबालिग पहले ही बदनावर के पंडकपाड़ा में पुलिस को मिल गई थी। दरअसल , सरसाना मेंं रहने वाली नाबालिग के पिता ने ११ जुलाई को बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने पंडकपाड़ा के हीरालाल निनामा पर किशोरी को ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने 13 जुलाई को पंडकपाड़ा में दबिश दी थी। तब किशोरी आरोपी के घर मिली थी। उसने बताया था कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी मौके से फरार हो गया था। बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।









