पराठादास-कुलचादास रेस्टोरेंट का लाइसेंस निरस्त कर रेस्टोरेंट सील

आलू की सब्जी में निकला था प्लास्टिक का टुकड़ा, तीन अन्य पर कार्रवाई
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। दूषित खाद्य पदार्थ बेचने पर तीन रेस्टोरेंट पर फूड विभाग ने कार्रवाई की है। पराठादास रेस्टोरेंट का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है, जबकि दो सील किए। दरअसल महाकाल मार्ग स्थित पराठादास-कुलचादास रेस्टोरेंट में आलू की सब्जी में प्लास्टिक का टुकड़ा निकलने का वीडियो वायरल हुआ था। रेस्टोरेंट का तीन दिन के लिए लाइसेंस निलंबित कर रेस्टोरेंट सील कर दिया है। फूड एंड सेफ्टी विभाग ने स्वागत रेस्टोरेंट तथा फ्रीगंज स्थित इंडियन जायका रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई की और यहां से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
मौके पर ही बंद करवा दिया रेस्टोरेंट- वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया पराठादास-कुलचादास रेस्टोरेंट में गंदगी भी मिली थी। फर्म को तत्काल नोटिस जारी कर खाद्य लाइसेंस निरस्त कर दिया है। स्वागत रेस्टोरेंट से दही और इंडियन जायका रेस्टोरेंट से पनीर और ग्रेवी के नमूने जब्त किए है। यह सैंपल्स जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
पंजाब के यात्री ने वीडियो बना विभाग को टैग किया था पराठादास कुलचादास की शिकायत महाकाल दर्शन के लिए पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने की थी। उन्होंने आलू की सब्जी और पूड़ी मंगवाई थी। यात्री से रेस्टोरेंट ने एक प्लेट सब्जी पूरी की कीमत 200 रुपए ली थी। आलू की सब्जी में प्लास्टिक का टुकड़ा निकलने पर यात्री ने वीडियो बनाया और खाद्य सुरक्षा विभाग को टैग कर दिया।









