सावन के पहले दिन महाकाल में उमड़ा आस्था का सैलाब
मंदिर और आसपास के मार्गों पर रही भारी भीड़

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सावन के पहले दिन गुरुवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर में काफी संख्या में दर्शनार्थी उमड़े। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सावन की नई व्यवस्था के तहत पहले दिन भस्मारती के लिए सुबह 3 बजे मंदिर के पट खुलना थे। इसमें भी थोड़ी देरी हुई।
दर्शनार्थियों से खचाखच भरे नंदी हाल, गणेश मण्डप के बीच भस्मारती हुई। गणेश मण्डप में चार-पांच स्ट्रीट डॉग भी जमे हुए थे जो सुरक्षा कर्मियों के भगाने पर भी नहीं हटे। दर्शनार्थी इनके कारण परेशान हुए।
बिना अनुमति दर्शनार्थियों को कार्तिक मण्डप से कतार में भस्मारती दर्शन कराए गए। सुबह से ही मंदिर में बाहर से आए दर्शनार्थियों की काफी भीड़ थी। गुरुपूर्णिमा के कारण बुधवार को काफी संख्या में बाहर से लोग उज्जैन आए थे। जो गुरुवार को भी शहर में ही थे। इस कारण सुबह मंदिर में काफी भीड़ देखी गई।
मंदिर जाने वाले रास्ते जाम
सुबह से ही मंदिर पहुंचने वाले सभी रास्तों पर वाहनों के कारण जाम था। नीलकंठ द्वार के सामने, महामृत्युंजय द्वार से हरिफाटक ब्रिज, स्टेशन रोड आदि क्षेत्रों में वाहनों के कारण जाम के हालात बने रहे। सुबह १० बजे बाद जाम की स्थिति में कुछ सुधार हुआ।
सावन-भादौ माह में बंद रहेगा प्रोटोकॉल
नई व्यवस्था के तहत सावन और भादौ माह में प्रोटोकाल दर्शन की व्यवस्था पर मंदिर समिति ने पाबंदी लगा दी है। सिर्फ वीआईपी, वीवीआईपी और नेता मंडली के लोग ही प्रोटोकॉल से दर्शन कर सकेंगे।








