बेकाबू ट्रक ने कार सहित तीन वाहनों को मारी टक्कर

ड्राइवर को पुलिस को सौंपा, मालिक ने की अभद्रता
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। हरिफाटक ब्रिज से गदापुलिया की तरफ आ रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने गदापुलिया क्षेत्र में कार सहित तीन वाहनों को टक्कर मार दी। शुक्र रहा कि डंपर की चपेट में कोई नहीं आया। लोगों ने ड्राइवर को पकडक़र पुलिस को सौंपा है। डंपर मालिक ने लोगों को धमकाने की कोशिश भी की।
इंदौर के राऊ के रहने वाले रजत पिता सुनील पाटीदार की रिपोर्ट पर डंपर क्रमांक एमपी 22 एच 0902 के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक गुरुवार रात करीब ७.४५ बजे हरिफाटक ओवरब्रिज से तेज रफ्तार में आए डंपर ने सडक़ किनारे खड़ी आई-20 कार, ई रिक्शा व एक्टिवा को टक्कर मारी। लोगों की मदद से ड्राइवर को पकड़ा तो उसने मालिक को कॉल कर मौके पर बुला लिया। उसने आते ही लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर महाकाल थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और डंपर जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया। डंपर उज्जैन आरटीओ से रजिस्टर्ड है और सदभाव इंजीनियरिंग लिमिटेड के नाम है।
हो जाता बड़ा हादसा: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर बेकाबू था। ड्राइवर संतुलन नहीं बना पा रहा था। गौरतलब है कि गदा पुलिया, हरिफाटक, रविशंकर नगर, इंदौरगेट ट्राफिक का अत्यधिक दबाव रहता है। घटना के समय भी भारी ट्रैफिक था। शुक्र रहा कि डंपर तीन वाहनों को टक्कर मारने के बाद रुक गया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।









