Awarapan 2 पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, 9 सीन में बदलाव

इमरान हाशमी की फिल्म को मिला यू/ए 16+ प्रमाणपत्र, हिंसा और ड्रग्स से जुड़े दृश्यों में कटौती
इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म आवारापन 2 को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से यू/ए 16+ प्रमाणपत्र मिल गया है। हालांकि फिल्म को मंजूरी देने से पहले बोर्ड ने इसमें कई बदलाव और कट लगाने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म के कुल 9 दृश्यों में संपादन किया गया है।
सीबीएफसी ने फिल्म में ड्रग्स के उपयोग और बाल तस्करी से जुड़े दृश्यों के लिए डिस्क्लेमर जोड़ने को कहा है। साथ ही धूम्रपान वाले दृश्यों के दौरान निर्धारित चेतावनी पट्टी दिखाने और फिल्म का शीर्षक हिंदी में भी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ आपत्तिजनक शब्दों को ऑडियो और उपशीर्षकों से हटाने या बदलने को भी कहा गया है।
फिल्म के दूसरे हिस्से में एक हिंसक दृश्य को 50 प्रतिशत कम किया गया है, जबकि तीन अन्य दृश्यों से अत्यधिक हिंसा वाले हिस्से हटाए गए हैं। इसके अलावा ड्रग्स सूंघने से जुड़ा एक दृश्य भी फिल्म से निकाल दिया गया है। एंड क्रेडिट्स में भी तकनीकी बदलाव किए गए हैं।
5 अगस्त को जारी सेंसर प्रमाणपत्र के अनुसार फिल्म की प्रमाणित अवधि 140 मिनट 20 सेकंड है। बोर्ड ने करीब 4 मिनट के फुटेज को हटाने और 20 सेकंड के हिस्से में बदलाव करने का निर्देश दिया था। इसके बाद फिल्म का अंतिम रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट 20 सेकंड तय हुआ है।
आवारापन 2 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला सनी देओल की फिल्म बंटवारा 1947 से होगा। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी।









