सिंहस्थ में बनेंगे 80 थाने, 62 हजार पुलिसकर्मी होंगे तैनात

पुलिस अफसरों ने बैठक में बनाई सिंहस्थ की प्लानिंग
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 में सुरक्षा और ट्रैफिक को नियंत्रित करने में एआई की मदद ली जाएगी। सिंहस्थ में 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है और अमृत स्नान वाले दिन यह संख्या 5 करोड़ तक हो सकती है। ऐसे मेें 10 जोन के 40 सेक्टर में 80 थाने स्थापित किए जाएंगे। इनमें 63 हजार पुलिसकर्मी तैनात होंगे। यह फैसला और आकलन उज्जैन में पदस्थ पुलिस अफसरों किया है। बुधवार केा पुलिस कंट्रोलरूम में एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा ने सिंहस्थ महाकुंभ-2028 की सुरक्षा तैयारियों को लेकर मीटिंग की। इसमें सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इसमें सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का उपयोग करने का फैसला किया गया। ड्रोन, फेसियल रिकग्निशन से मेले पर नजर रखी जाएगी। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से मेगा सिक्योरिटी प्लानिंग होगी। 10 जोन, 40 सेक्टर, 80 थाने एवं लगभग 62,500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
सिंहस्थ में 30 करोड़ श्रद्धालुओं आ सकते हैं। सबसे ज्यादा भीड़ तीसरे अमृत स्नान पर होगी। लगभग 5 करोड़ श्रद्धालु आएंगे।
सबसे ज्यादा तैयारी प्रथम पेशवाई, चैत्र पूर्णिमा, पंचकोशी यात्रा, सोमवती अमावस्या, अक्षय तृतीया एवं वैशाख पूर्णिमा (तृतीय अमृत स्नान) पर रखनी होगी, क्योंकि इन दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या काफी होगी।
मेला क्षेत्र एवं शहर में लगभग 3,500 कैमरे, 416 ड्रोन, अंडरवाटर कैमरे तथा 2,700 से अधिक पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। स्टाम्फीड अर्ली वार्निंग सिस्टम से संभावित भगदड़ की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा। एआई एवं फेसियल रिकग्निशन तकनीक के माध्यम से चोरी के वाहनों एवं संदिग्ध अपराधियों की पहचान होगी। कार्तिक मेला क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, माधव नगर एवं राणोजी की छत्री क्षेत्र में बैकअप कंट्रोल सेंटर होंगे।
एक साइबर थाना, 10 साइबर हेल्प डेस्क एवं 1,000 साइबर वॉरियर्स तैनात रहेंगे।
उज्जैन आने वाले आठ प्रमुख मार्गों—इंदौर, देवास, मक्सी, आगर, गरोठ, नागदा, उन्हेल एवं बडऩगर पर सात रणनीतिक गेटवे होंगे। आउटर क्षेत्र में (लेयर-3) में लगभग 3,200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 100 से अधिक पार्किंग रहेंगी। इनमें रोजाना 2.20 लाख वाहन पार्क हो सकेंगे।









