श्री महाकालेश्वर के लिए महाकाल लोक और नागचंद्रेश्वर के लिए कर्कराज पार्किंग से प्रवेश

नागपंचमी के लिए दर्शन की व्यवस्था तय
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नागपंचमी पर साल में एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर महादेव और श्री महाकालेश्वर के दर्शन की व्यवस्था प्रशासन ने तय कर दी है। दोनों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था रहेगी। नागचंद्रेश्वर के लिए कर्कराज पार्किंग और महाकालेश्वर के लिए महाकाल लोक से प्रवेश दिया जाएगा।
इस बार नागपंचमी का पर्व इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया है कि यह सोमवार के दिन आ रहा है। 17 अगस्त को नागपंचमी , सावन सोमवार व तीसरी सवारी है। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे ही ध्यान में रखते हुए अलग-अलग दर्शन मार्ग तय किए हैं।
श्री नागचंद्रेश्वर दर्शन व्यवस्था
सामान्य दर्शन – प्रवेश कर्कराज पार्किंग से। भील समाज धर्मशाला, गोंड मोहल्ला, चारधाम, हरसिद्धि चौराहा एवं बड़ा गणेश होते हुए गेट नंबर 4 से मंदिर परिसर में प्रवेश। विश्रामधाम मार्ग से होते हुए श्री नागचंद्रेश्वर के दर्शन। प्रीपेड बूथ से चौबीस खंभा रोड होते हुए कर्कराज पार्किंग की ओर वापसी।
शीघ्र दर्शन-प्रवेश हरसिद्धि पाल से। बड़ा गणेश मार्ग से होते हुए गेट नंबर 5 से प्रवेश। विश्रामधाम होते हुए श्री नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन। प्रीपेड बूथ से चौबीस खंभा रोड होते हुए हरसिद्धि पाल पर वापसी।
श्री महाकालेश्वर दर्शन व्यवस्था
सामान्य दर्शन – त्रिवेणी प्रवेश द्वार से एंट्री। नंदी द्वार, मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर, गणेश मंडपम एवं कार्तिकेय मंडपम से दर्शन मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। दर्शन उपरांत एम्बुलेंस गेट से होते हुए पिनाकी द्वार से बाहर।
शीघ्र दर्शन-नीलकंठ द्वार से प्रवेश।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किए महाकाल दर्शन
उज्जैन। बुधवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाडिय़ा ने उनका स्वागत किया। यहां से वे दिवंगत पूर्व मंत्री पारस जैन के घर पहुंचे और शोक जताया।









