200 कांवड़ियों के जत्थे में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, 14 घायल, गुस्साई भीड़ ने कार फूंकी

पीथमपुर: इंदौर के पास पीथमपुर में सोमवार दोपहर कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 200 से अधिक कांवड़ियों के जत्थे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घुस गई, जिससे 14 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो
जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे की है। विजय श्री हनुमान कांवड़ यात्रा बोकेश्वर से इंदिरामा की ओर जा रही थी। यात्रा में 200 से ज्यादा कांवड़िए शामिल थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कांवड़ियों के जत्थे में जा घुसी।
स्कॉर्पियो की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कांवड़ यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
14 कांवड़िए घायल, 4 इंदौर रेफर
हादसे में कुल 14 कांवड़िए घायल हुए हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से पीथमपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में घायलों का इलाज किया गया। इनमें से 4 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो में लगाई आग
हादसे के बाद कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना करने वाली स्कॉर्पियो को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
कांवड़ यात्रा के साथ पुलिस बल भी चल रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
ड्राइवर को पीछा कर पकड़ा
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भागने लगा। हालांकि, लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।









