अब बागडिय़ा टॉवर के पास पीएचई टीम को मिला पाइप लाइन में लीकेज

निजातपुरा क्षेत्र में नल सेे गंदे पानी की समस्या अभी भी बरकरार
आज महालक्ष्मी अपार्टमेंट से बियाबानी की तरफ जाने वाली पाइप लाइन देखेंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पाइप लाइन का लीकेज ढूंढ रही नगर निगम और पीएचई की टीम ने रविवार को कंठाल चौराहे से कोयला फाटक के बीच नई पाइप लाइन का लीकेज ढूंढा था सोमवार को टीम ने बागडिय़ा टॉवर के पास पीएचई की लाइन में एक और लीकेज मिला है। यह पाइप लाइन कंठाल चौराहे से निजातपुरा तरफ जाती है। आज महालक्ष्मी अपार्टमेंट से बियाबानी की तरफ जाने वाली पाइप लाइन चैक करेंगे।
पार्षद पति मोहित जायसवाल ने बताया सोमवार को पीएचई और नगर निगम की टीम के साथ पाइप लाइन चैक की। पीएचई के इंजीनियर आदिल खान को यह लीकेज मिला। समस्या का कारण मिलने पर मोटर लगाकर गंदा पानी निकाला और पाइप लाइन वॉश करवाई। लीकेज पाइप लाइन को दुरुस्त कर दिया है। क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। पाइप लाइन चैक कर रहे हैं और तुरंत ठीक करवा रहे हैं।
इमली गली में आज भी नहीं आया पानी
पार्षद पति जायसवाल ने बताया इमली गली में भी लाइन डैमेज है। क्षेत्र के लोग 6 साल से परेशान हो रहे हैं। कई बार मरम्मत के बाद भी निराकरण नहीं हुआ। सोमवार को भी इस पाइप लाइन से जुड़े कनेक्शन से पेयजल वितरण नहीं हुआ। जायसवाल ने बताया समस्या के निराकरण के लिए उन्होंने पार्षद निधि से लाइन स्वीकृत की है। इसके लिए टैंडर भी जारी हो चुके हैं परंतु अब तक किसी ने टेंडर नहीं भरा इसलिए काम शुरू नहीं हुआ है।









