महाराष्ट्र का युवक सवारी में काट रहा था चेन, उड़ा रहा था मंगलसूत्र

7.9 लाख कीमत की 4 चेन और 2 मंगलसूत्र बरामद
उज्जैन। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले 25 साल के युवक ने भीड़ वाली जगह को अपने अपराध का ठिकाना बना लिया। महाकाल सवारी में उसने चार चेन और 2 मंगलसूत्र उड़ा दिए। पर पुलिस की नजर से वह बच नहीं पाया। उसे दबोच लिया गया है। उसने छह वारदातें कबूल की हैं।
दरअसल, युवक को क्राइम ब्रांच के इंद्रविक्रमसिंह बंटी ने पांचवीं सवारी में संदिग्ध हालत में देखा था। उसे पकड़ कर लाया गया और पूछताछ की तो उसने एक के बाद एक स्नैचिंग की छह वारदातें कबूल कर ली। आरोपी महाराष्ट्र के अहिल्यानगर का रहने वाला विशाल उर्फ कुंडा उर्फ कालिया पिता राजू गायकवाड़ है। वह वारदात के लिए उस जगह का सिलेक्शन करता था जहां भीड़ रहती हैं। चूंकि सावन में उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी निकलती है और इसमें बड़ी संख्या में लोग आते हैं, ऐसे में उसने यहां आकर वारदात करने का प्लान तैयार किया। तीसरी और चौथी सवारी तक उसने चार चेन और दो मंगलसूत्र उड़ा दिए थे। पांचवीं सवारी में वारदात को अंजाम देने से पहले ही वह दबोच लिया गया।
इनके साथ की थी वारदात
संजय पिता सूर्यनारायण शर्मा निवासी आंग्रे का बाड़ा
प्रियांशु तोमर इंदिरानगर
अश्विनी बेगमपुरा
दीक्षा सक्सेना प्रजापत नगर
मयंक तिवारी, फायर ब्रिगेड
दीपिका गौड़, भैरवगढ़
इंद्रविक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी से 4 चेन और 2 मंगलसूत्र बरामद किए गए हैं। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए महाकाल थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। जब्त माल की कीमत ७.९० लाख रुपए आंकी गई है।









