Advertisement

जनसुनवाई में कलेक्टर के तीखे तेवर फाइलों में मामले दबाने पर दी चेतावनी

जनता को चक्कर कटवाए तो नपेंगे अफसर: कलेक्टर

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को प्रशासनिक हीलाहवाली पर कलेक्टर शिवम वर्मा का पारा चढ़ गया। कलेक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों पीडि़तों की फरियाद सुनने के बाद कलेक्टर ने मातहत अफसरों को दो-टूक चेताया… ‘जनता को बेवजह चक्कर कटवाना बंद करें, सीधे एक्शन होगा।’ सुनवाई के दौरान दर्जनों मामलों का मौके पर ही निपटारा कर पीडि़तों को फौरी राहत दी गई।

सभाकक्ष में सुबह से ही लंबी कतारें लगी थीं। सबसे ज्यादा अर्जियां भूमाफियाओं की धोखाधड़ी, प्लॉटों पर अवैध कब्जे, पारिवारिक संपत्ति विवाद और इलाज की गुहार को लेकर पहुंचीं। कलेक्टर ने हर पीडि़त की बात सुनकर संबंधित विभाग प्रमुखों से तुरंत जवाब मांगा। अवैध कॉलोनियों में फर्जीवाड़े की शिकायतों पर उन्होंने भूमाफियाओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आर्थिक मदद स्वीकृत कराई गई। कई बुजुर्ग और बेबस महिलाएं सालों पुराने जमीनी विवादों की फाइलें हाथ में लिए न्याय की गुहार लगाती नजर आईं।

Advertisement

जिन जटिल मामलों में तुरंत फैसला नहीं हो सका, उनके लिए कलेक्टर ने समय-सीमा तय कर दी। उन्होंने साफ कहा कि फाइलों को दबाकर बैठने की आदत छोड़ें… हर प्रकरण को संवेदनशीलता से निपटाएं। जनसुनवाई के सभी आवेदनों की पोर्टल पर साप्ताहिक मॉनिटरिंग की जाएगी। तय समय बीतने के बाद भी लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अफसरों की सीआर (गोपनीय चरित्रावली) में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज होगी। अफसरों को मौके पर भौतिक सत्यापन के बाद ही फाइल बंद करने की हिदायत दी गई। कलेक्टर ने दो-टूक कहा कि कागजों में लीपापोती करने वाले अधिकारियों पर अब सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

युवक ने खुद पर डाला केमिकल… अफसरों ने पानी डालकर बचाया

Advertisement

सुनवाई के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई जब आकाश नामक युवक ने अचानक खुद पर केमिकल डाल लिया। वहां मौजूद कर्मचारियों और अफसरों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे दबोचा और बोतलों से पानी डालकर केमिकल साफ कराया। एसडीएम घनश्याम धनगर के अनुसार, मामला डीजे लगी गाड़ी के 11.21 लाख रुपए के लेनदेन विवाद का है। कलेक्टर और एसडीएम ने युवक को समझाकर शांत कराया। प्रशासन ने दूसरे पक्ष को तलब किया है, दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें