गणपति उत्सव पर इस बार बारिश का साया

मूर्ति को बचाने के लिए विशेष इंतजाम करना होंगे
दर्शनार्थियों के लिए भी व्यवस्था करना होगी, टेंट की जगह पतरे लगाने के कारण बढ़ सकता है बजट
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को गणपति स्थापना के साथ ही दस दिन के सार्वजनिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे परंतु इस बार गणपति उत्सव पर बारिश का साया रहेगा। मौसम विभाग ने सोमवार को अच्छी बारिश की संभावना जताई है। आगे भी बारिश की स्थिति बताई जा रही है। ऐसे में गणेशोत्सव के आयोजकों को बारिश से बचने के इंतजाम भी करने होंगे।
उज्जैन शहर में करीब 200 से अधिक स्थानों पर गणपति स्थापना होगी। गणेश चतुर्थी से शुरू होकर यह सिलसिला अनंत चतुदर्शी तक चलेगा। चूंकि मौसम विभाग बारिश की संभावना जता रहा है, ऐसे में बारिश से बचने के लिए विशेष इंतजाम करने होंगे। ऐसे में आयोजकों का बजट बढ़ सकता है। बारिश की संभावना को देखते हुए कहीं कहीं कपड़ों के टेंट के बजाय मूर्तियों के लिए पतरे लगाकर भी छत डाली है। मुख्य चौराहों और बड़े आयोजनों में बारिश से बचने के इंतजाम किए हैं परंतु गली मोहल्लों के छोटे आयोजनों में टेंट ही लगाए जाते हैं। हालाकि मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से सिस्टम कमजोर पड़ेगा तो तेज बारिश की संभावना कम रहेगी परंतु बादल छाए रहेंगे और जिले में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
बिजली कंपनी की अपील अस्थायी कनेक्शन लें
गणपति उत्सव के दौरान होने वाले आयोजनों में आकर्षक विद्युत सज्जा की जाती है। इस दौरान बिजली की खपत ज्यादा होती है और ट्रांसफार्मरों पर लोड भी बढ़ जाता है। इसके लिए बिजली कंपनी ने आवश्यक मेंटेनेंस करवाया है। बिजली कंपनी ने आयोजकों से अपील भी की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए वे वैध अस्थायी कनेक्शन लेकर ही विद्युत सज्जा करवाएं। कनेक्शन के लिए लोड के अनुसार शुल्क निर्धारित किया है। एक किलोवाट के लिए 1450 रुपए, 3 किलोवाट के लिए 3700 रुपए तथा 5 किलोवाट के लिए 5900 रुपए शुल्क चुकाना होगा।
मूर्तियों से सजा बाजार, मिट्टी की प्रतिमाओं के दाम ज्यादा
उज्जैन। कल गणेश चतुर्थी है और बाजार मूर्तियों से सजने लगा है। इनके दाम साइज के हिसाब से हैं। इस बार अच्छी बात यह है कि मिट्टी की प्रतिमाओं का चलन बढ़ा है। हालांकि इनकी कीमत पीओपी की तुलना में ज्यादा है। यूं तो पूरे शहर में ही प्रतिमाएं बिक रही हैं, लेकिन सिंधी कॉलोनी के स्टॉल पर कुछ अलग स्टाइल की प्रतिमाएं आई हैं। यहां ५० रुपए से लेकर २५ हजार रुपए तक की मूर्तियां बिक रही है। ।
श्री गणेश स्थापना के शुभ मुहूर्त
प्रात: सुबह 09:10 से 10:43 बजे
दोपहर: 03:22 से शाम 06:28 बजे
संध्या: 06:28 से रात्रि 07:55 बजे
यह है मौसम की स्थिति
मौसम विज्ञानी एचएस पांडेय ने बताया दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे विदर्भ के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार सुबह उत्तर विदर्भ तथा उससे सटे मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) समुद्र तल से औसत 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। यह अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इस सिस्टम के कारण उज्जैन, इंदौर, रतलाम, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर में रविवार और सोमवार को अच्छी बारिश होगी। बुधवार से सिस्टम कमजोर पड़ेगा बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश की संभावना रहेगी।
उज्जैन शहर में 2६.०२ इंच बारिश
अब तक शहर में 6६1 मिमी यानी २६.०२ इंच बारिश हो चुकी है जबकि जिले का आंकड़ा २३.११ इंच ही पहुंच पाया है। घट्टिया में २०.२३ इंच, खाचरौद में 24.७६ इंच, नागदा में 25.0५ इंच, बडऩगर में 21.२९ इंच, महिदपुर में 2५.९८ इंच, झारड़ा में 2७.९९ इंच, तराना में 2५.४७ इंच तथा माकड़ौन में 1४.९६ इंच बाारिश हो चुकी है। जिले की औसत बारिश ३६ इंच है।
सोयाबीन फसल को फायदा
सहायक संचालक कृषि कमलेश राठौड़ ने बताया सोयाबीन की अर्ली वैरायटी 8-10 दिन में पकने लगेगी। लेट वैरायटी की सोयाबीन की फलियों में दाना बनने लगा है। इस बारिश से दोनों को फायदा होगा। सोयाबीन का दाना मजबूत होगा।









