उज्जैन छोड़ महू में बाबा साहेब के सामने नमाया महापौर ने शीश

ग्लानि से अब तक उबर नहीं पा रहे हैं टटवाल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव से चर्चा के बाद महापौर ने उज्जैन में होने वाला अपना मौन सत्याग्रह भले ही रविवार को नहीं किया हो लेकिन रथ से उतारे जाने के अपमान से वह अब भी नहीं उबर पाए हैं। इसी के चलते रविवार को वे महू पहुंचे और बाबा साहेब की प्रतिमा को नमन किया। उन्होंने बाबा साहेब से प्रार्थना की और संघर्ष करने की शक्ति मांगी। उनका वीडियो-फोटो वायरल हो रहा है। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रथ से उतारे जाने के अपमान ने उन्हें दोराहे पर लाकर खड़ा कर दिया है। इस गिल्टी से वे उबर नहीं पा रहे हैं। इससे पार पाने के लिए ही वे महू गए थे। बाबा साहेब से प्रार्थना की है कि संघर्ष करने की शक्ति प्रदान करें।
डिनर से तीनों महामंत्रियों की दूरी की चर्चा
आस्था गार्डन में शनिवार रात हुए डिनर से नगर भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों के दूरी बनाने की चर्चा का बाजार गर्म है। इसमें तीनों महामंत्री (जगदीश पांचाल, आनंदसिंह खींची, कमल बैरवा) के नाम प्रमुख तौर पर लिए जा रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि यह तीनों इस बात से नाराज थे कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से तीनों को मिलने नहीं दिया गया, जबकि नगर भाजपा के एक उपाध्यक्ष की मुलाकात की विशेष व्यवस्था हेरिटेज होटल विक्रमादित्य में की गई। कांग्रेस से आयातित इस उपाध्यक्ष के कारण तीनों महामंत्री आहत थे। इसलिए उन्होंने डिनर से दूरी बनाई।
हालांकि महामंत्री आनंदसिंह खींची ने कहा कि उनकी ताई का निधन हो गया था। उनके बारहवें के कार्यक्रम के लिए वे कायथा के पास अपने पैतृक गांव में थे। चूंकि व्यवस्था का दारोमदार उन पर ही था। ऐसे में वे डिनर में नहीं आ सकते थे। इसकी इजाजत उन्होंने नगर अध्यक्ष से ली थी। दूसरे महामंत्री जगदीश पांचाल ने बताया कि वे साढ़ू के सेवानिवृति कार्यक्रम के लिए परिवार सहित खरगोन में थे। इस बात की जानकारी दे दी थी। तीसरे महामंत्री कमल बैरवा के बीमार होने के बाद अस्पताल में भर्ती होने की सूचना है। नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि आनंद जी और जगदीश जी शहर से बाहर थे। कमल जी हॉस्पिटल में। तीनों ने ही डिनर में आने में असमर्थता जताई थी।चूंकि डिनर का फैसला भी शनिवार दोपहर 3 बजे एकाएक तय हुआ था। ऐसे में इन सबका आना वैसे भी संभव नहीं था।
कैटरर्स नहीं मिला तो भोजन पैकेट मंगवाए
अमूमन भोजन, बैठक और विश्राम के लिए जाने जाने वाली भाजपा की डिनर डिप्लोमेसी में शनिवार को कैटरर्स का संकट भी खड़ा हुआ। दोपहर 3 बजे प्रोगाम तय होने से 600 लोगों के भोजन की व्यवस्था करने से कैटरर्स ने हाथ ऊंचे कर दिए। ऐसे मेें श्रीगंगा होटल से पैकेट मंगवाए गए। पैकेट में पूड़ी, दो तरह की सब्जी (पनीर, आलू), दाल-चावल, गुलाब जामुन, सेंव, अचार था। जल्दबाजी के कारण सलाद, माउथ फ्रेशनर रायता आदि नहीं आ सका था।









