देवास के नेवरी की झांकी में दिखें खड़े हनुमान

उज्जैन। उज्जैन के खड़े हनुमान अब देशव्यापी हो गए हैं। वे गणेश उत्सव की झांकियों में भी दिखने लगे हैं। देवास जिले के नेवरी में खड़े हनुमान के प्रसंग पर झांकी तैयार की गई हैर्। दरअसल , नेवरी का यह मंडल हर साल देश में होने वाली प्रमुख घटनाक्रम को गणेशोत्सव को झांकी में प्रदर्शित करता है। इस साल मंडल ने झांकी की थीम खड़े हनुमान पर केंद्रित की। इसमें खड़े हनुमान मंदिर को स्थानांतरित करने का घटनाक्रम दिखाया गया है। इंजीनियर यहां मंदिर को हटाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। मौके पर मूर्ति के पास मलबा, ड्रिल मशीन, जेसीबी दिख रहे हैं। इसी तरह आपात स्थिति को संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन के लोग भी दिखाई दे रहे हैं।
प्रमुख घटनाक्रम पर बनाते हैं झांकी
मंडल अध्यक्ष सुमित पाटीदार ने बताया कि बड़ली चौक स्थित सिद्धिविनायक गजानंद मित्र मंडल १११ साल से गणेश उत्सव आयोजित कर रहा है। हर साल मंडल देश व्यापी मुद्दें या घटनाक्रम पर झांकी तैयार करता है। इस साल चूंकि पूरे मालवा और प्रदेश में खड़े हनुमान का मसला चर्चा में था तो इस विषय पर झांकी तैयार की गई। पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर पर बनाई थी।









