ट्रेनों में महिला के गले से चेन लूटने वाली गैंग धराई

प. बंगाल के बदमाशों ने कबूली पांच वारदातें गैंग में युवती भी शामिल
उज्जैन। ट्रेनों में भीड़ का फायदा उठाकर महिला यात्रियों के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र लूटने वाली पश्चिम बंगाल की गैंग को जीआरपी ने हिरासत में लिया है जिसमें एक युवती भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि अभी सरगना फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है।
इनको बनाया था शिकार
पिछले दिनों रीता पति राजेश कुमार निवासी संत रविदास नगर भदौही अपने परिवार के साथ उज्जैन दर्शन करने आई थीं। प्रयागराज एक्सप्रेस से उन्हें लौटना था। दोपहर 1.30 बजे वह प्लेटफार्म 6 पर पहुंची। ट्रेन में चढऩे के दौरान बदमाश ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींची और भाग गया। रीता ने शोर मचाया लेकिन आसपास के लोगों ने उन्हें उतरने नहीं दिया। रीता ने प्रयागराज पहुंचकर रेलवे थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को बताया था कि चेन का वजन 18 ग्राम था। घटना स्थल उज्जैन स्टेशन का होने से यहां जीआरपी को मामला सौंपा गया।
फुटेज से मिले सुराग
जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने मिलकर चेन लूटने वाले बदमाश की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में चेन खींचने वाले के अलावा उसके साथी भी नजर आए। इसी आधार पर पुलिस ने स्टेशन क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मालगोदाम क्षेत्र से अभिजीत पिता शंकर, राहुल पिता आलमगीर गाजी, सोमनाथ पिता नयन, नेपाल कुले पिता दुलाल, रोहन पिता अर्जुन, राखी पिता राजेंद्र सभी निवासी कोलकाता पश्चिम बंगाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की जिन्होंने प्रयागराज एक्सप्रेस की वारदात सहित अन्य ट्रेनों में चेन व मंगलसूत्र चोरी की वारदातें कबूलीं। पुलिस ने इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया।
2 चेन, 3 मंगलसूत्र उड़ाए थे: आधा दर्जन से अधिक बदमाशों की उक्त गैंग देवदर्शन के बहाने उज्जैन पहुंचती और ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देती थी। पुलिस गिरफ्त में आए गैंग के सदस्यों ने 2 चेन व 3 मंगलसूत्र चोरी की वारदातें कबूलीं हैं। टीआई सुनील कुमार गुप्ता का कहना है कि बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। सरगना अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है।
दूसरे राज्य की दूसरी गैंग चढ़ी हत्थे
पिछले दिनों जीआरपी टीम ने महिलाओं के हाथों से सोने के कड़े, चूडिय़ां काटकर चोरी करने वाली महाराष्ट्र की गैंग को पकड़ा था। इनसे पुलिस ने चोरी के कंगन बरामद किए थे। वहीं अब जीआरपी टीम ने पश्चिम बंगाल की गैंग को पकड़कर चेन व मंगलसूत्र बरामद किए हैं।









