भगवती होटल की चौथी मंजिल से गिरकर कर्मचारी की हुई मौत

संतुलन बिगड़ा या फिर कुछ और… सीसीटीवी फुटेज किए जब्त, जांच में जुटी पुलिस
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित भगवती होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर 20 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह मूल निवासी कटनी के रूप में हुई है, जो करीब आठ महीने से इसी होटल में काम कर रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
होटल परिसर में तेज धमाके की आवाज सुनकर चौकीदार दौड़कर पहुंचा तो सुरेंद्र फर्श पर खून से लथपथ अचेत पड़ा मिला। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र अपने ममेरे भाई अनिल के साथ होटल में ही रहता और काम करता था। देर रात वह चौथी मंजिल से कैसे नीचे गिरा, इस पर रहस्य बना हुआ है। छोटी ग्वालटोली टीआई जितेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि युवक शराब पीने का आदी था।
आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक नशे के चलते संतुलन बिगडऩे से वह नीचे गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस हत्या, आत्महत्या या हादसा… सभी एंगल से जांच कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त की गई है। कटनी में परिजन को सूचना दे दी गई है, उनके बयान और पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी।
एक डीवीआर से हार्डडिस्क गायब, दूसरे पर है पासवर्ड
मामला बिल्डर बंटी नागर की आत्महत्या का…
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। साकेत स्थित ऑफिस में फांसी लगाकर जान देने वाले बिल्डर संदीप उर्फ बंटी नागर (गुलमोहर कॉलोनी) की मौत के मामले में पुलिस की जांच उलझ गई है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जबकि डिजिटल सबूतों ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चौथे माले पर स्थित जिस केबिन में शव फंदे से लटका मिला, वहां के डीवीआर से हार्डडिस्क ही गायब है। वहीं, दूसरे ऑफिस के डीवीआर में हार्डडिस्क तो मिली, लेकिन उस पर पासवर्ड लगा है, जिसकी जानकारी परिजन को भी नहीं है।
बंटी के मोबाइल में लगा पैटर्न लॉक भी 30 से ज्यादा बार कोशिश के बावजूद नहीं खुल सका है। जांच में सबसे बड़ा सवाल उस साड़ी को लेकर खड़ा हो गया है जिससे फंदा बनाया गया था… मृतक की पत्नी ने उसे अपनी होने से साफ इंकार कर दिया है। इधर, बाजार में प्रॉपर्टी विवाद और महिला पार्टनर से अनबन की चर्चाएं हैं। पुलिस अब साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डेटा रिकवर करने और अंतिम कॉल्स के आधार पर कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।









