घर के बाहर से बीकॉम की छात्रा को घसीटकर कार में ले गए बदमाश

पिता ने दर्ज कराया अपहरण का केस, सीसीटीवी में दिखी घटना
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। काजीपुरा क्षेत्र में रहने वाली बीकॉम की छात्रा को घर के बाहर से घसीटकर कार में अपहरण कर बदमाश ले गए। उसके पिता ने जीवाजीगंज थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि रईस खान पिता अच्छे मियां खान निवासी गौतम मार्ग काजीपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय बेटी मंगलवार रात 8 बजे घर के बाहर खड़ी थी तभी काले रंग की कार में बदमाश आए। इससे दो युवक उतरे और बेटी को जबरदस्ती करते हुए घसीट कर कार में ले गए।
सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के चंगुल से युवती को छुड़ाती दो अन्य युवतियां दिख रही हैं। युवती के पिता ने अपहरण करने वाले युवक का नाम ध्रुव कुमावत पिता जीवन निवासी उर्दूपुरा बताया है। इसी आधार पर पुलिस युवती की तलाश कर रही है। वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें युवती अपने दोस्त के साथ कह रही है कि मैं अपनी मर्जी से आई हूं और मैंने शादी कर ली है। दो-तीन दिनों में घूमकर थाने में बयान दर्ज करा देंगे।
यातायात पुलिस क्रेन ड्राइवर है पिता
रईस खान यातायात थाने की क्रेन का ड्राइवर है। उसने बताया कि बेटी माधव कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल होने की जानकारी से रईस ने इंकार किया। उसका कहना है कि पुलिस बेटी की तलाश कर रही है।









