गिरीराज रतन कॉलोनी में पड़ोसियों में चले पत्थर, दो युवक घायल

सुंदरकांड के लिये सड़क से मटेरियल हटाने का कहा तो हुआ विवाद
उज्जैन। गिरीराज रतन कॉलोनी में सुबह सड़क से मटेरियल हटाने की बात को लेकर पड़ोसियों के बीच पत्थरबाजी हो गई, जिसमें दो युवक घायल हो गए। चिमनगंज थाना पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
जितेंद्र प्रजापत पिता श्यामलाल और योगेश विश्वकर्मा पिता बद्रीनारायण दोनों निवासी गिरीराज रतन कॉलोनी कानीपुरा रोड को पुलिस उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके साथ आए लोगों ने बताया कि कॉलोनी के बी सेक्टर में रहने वाले लोग 200 रुपए प्रति व्यक्ति चंदा कर शनिवार को सुंदरकांड का पाठ कराने वाले हैं।
इसके लिये गुरुवार को पड़ोसी जितेंद्र राठौर के घर चंदा लेने पहुंचे तो उन्होंने चंदा देने से इंकार कर दिया। उनके मकान का निर्माण कार्य चल रहा है जिसका मटेरियल सड़क के बीच में पड़ा था। वहीं पर सुंदरकांड पाठ होना था। शुक्रवार सुबह उनसे मटेरियल हटाने को कहा तो विवाद करने लगे और पत्थरबाजी शुरू कर दी, इसमें जितेंद्र प्रजापत व योगेश घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया है।









