सीवरेज कंपनी के कर्मचारी को तलवार लेकर मारने दौड़ा

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। नागझिरी थाने के सीवरेज कंपनी के एक कर्मचारी पर महालक्ष्मीनगर में एक रहवासी तलवार लेकर दौड़ पड़ा। वह सीवरेज चैंबर को और गहरा करने की मांग कर रहा था, कर्मचारियों ने जब इससे मना किया तो उसने तलवार निकाल ली।
दरअसल, यह घटना बुधवार शाम करीब ४ बजे की है। जीपी पटेल कंपनी का सुपरवाइजर दिव्यांशु देवकुल महालक्ष्मीनगर में सीवरेज लाइन डलवाने और चैंबर बनाने का काम करवा रहा था। इंजीनियर दिनेश यादव भी मौके पर मौजूद थे। यहीं रहने वाले रवींद्र सिंह गौर ने खुद को सत्ताधारी पार्टी के एक बड़े नेता का खास बताते हुए सीवरेज चैंबर सडक़ से नीचे करने और उसके घर की सीवरेज लाइन को अंदर से कनेक्ट करने का हवाला दिया।
जब यादव और देवकुल ने इससे मना किया तो आरोपी घर के अंदर से तलवार निकाल लाया और कर्मचारियों को दौड़ा लिया। इसका वीडियो भी वायरल हो गया। कंपनी के कर्मचारी नागझिरी थाने पहुंचे और रिपेार्ट दर्ज कराने का प्रयास किया तो रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इस बीच गौर भी परिवार सहित थाने पहुंच गया और महिलाओं की तरफ से रिपेार्ट बनाने का दबाव बनाया। ऐसे में नगरनिगम और सीवरेज कंपनी के कर्मचारी चले गए। इंजीनियर दिनेश यादव ने बताया कि अगर तलवार से कोई घायल हो जाता तो जिम्मेदारी किसकी होती।









