दूसरी भी बेटी हुई…एक दिन की नवजात को मार डाला

मां ने कंबल में 3 मिनट तक गला दबाया, मुंह से निकला खून, बेटे की उम्मीद थी
अक्षरविव न्यूज अशोकनगर। मप्र के अशोकनगर में जिला अस्पताल में एक दिन की नवजात बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां भावना पत्नी केदार विश्वकर्मा ने ही कंबल में उसका गला दबाया था। महिला ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसे बेटे की उम्मीद थी, लेकिन दूसरी बेटी होने के बाद वह परेशान थी। उसे दो बेटियों की जिम्मेदारी उठाने की चिंता थी और परिवार के तानों का भी डर था।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय महिला की सास सो रही थी और नवजात बच्ची उसके पास कंबल में सो रही थी। इसी दौरान महिला ने बच्ची का गला दबा दिया।
करीब 2 से 3 मिनट बाद जब उसे लगा कि बच्ची की मौत हो गई है, तो उसने गला छोड़ दिया। करीब आधे घंटे बाद बच्ची के मुंह से खून निकलता दिखाई दिया। महिला ने अपनी सास को बताया। सास बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, महिला की करीब दो साल की एक बेटी पहले से है। दूसरी डिलीवरी में उसे बेटे की उम्मीद थी, लेकिन बेटी होने के बाद वह परेशान थी। महिला ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चों की जिम्मेदारी संभालने को लेकर वह चिंतित थी। उसे परिवार की ओर से ताने मिलने का भी डर था। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि परिवार के तानों से परेशान होकर उसने बच्ची का गला दबाया।
चंदेरी क्षेत्र के सकर्रा गांव की भावना ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के कुछ समय बाद बच्ची को पीएनसी वार्ड से एसएनसीयू में शिफ्ट किया गया था। शनिवार को महिला ने अस्पताल में ही बच्ची का गला दबाया था।
पुलिस ने जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए। हालांकि, जिस जगह महिला अपनी बच्ची के साथ बैठी थी, वहां कैमरा नहीं लगा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर मामले का खुलासा किया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की मां, पिता, दादी और अन्य परिजन से पूछताछ की।
डिलीवरी को कुछ ही दिन हुए होने के कारण पुलिस ने महिला से सामान्य तरीके से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बच्ची का गला दबाने की बात स्वीकार कर ली।









