पितृपक्ष चतुर्दशी: दूध चढ़ाकर पितरों से मांगा आशीर्वाद

उज्जैन। पितृपक्ष की अश्विन कृष्ण चतुर्दशी पर सिद्धवट और गयाकोठा पर शुक्रवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। शांति, समृद्धि के लिए पितरों से आशीर्वाद मांगने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हाल यह रहा कि दोनों स्थानों पर एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही।
सिद्धवट पर चतुर्वेदी परिवार ने तडक़े दुग्धाभिषेक की शुरुआत की। यह सिलसिला दिन से लेकर शयनआरती तक चलता रहा। पुजारी पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि इस दौरान बाबा सिद्धनाथ को छप्पनभोग भी अर्पित किया गया। लोगों ने इस मनोहारी दृश्य का आनंद लिया।
चतुर्वेदी ने बताया कि सर्वपितृ अमावस्या पर भी बड़ी संख्या मेंं लोग बाबा सिद्धनाथ के दर्शन करने पहुंचेंगे। गयाकोठा पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हाल यह रहा कि कतार आगर नाके तक पहुंच गई। दोनों ही जगह तर्पण और पिंडदान का सिलसिला चलता रहा।
त्रिवेणी पर शनिश्चरी अमावस्या की तैयारी पूरी
शनिवार को आ रही सर्वपितृ अमावस्या पर त्रिवेणी पर नहान होगा। इसकी तैयारी पूरी हो गई है। अल्पवर्षा के कारण इस बार नर्मदा का पानी नदी में छोड़ा गया है।
इसी में श्रद्धालु आज रात 12 बजे से स्नान शुरू करेंगे। यह सिलसिला शनिवार दोपहर तक चलने की उम्मीद है। घाट पर फव्वारे लगाए गए हैं।कल बाबा सिद्धनाथ का अष्टमेवा शृंगार: सर्वपितृ अमावस्या पर बाबा सिद्धनाथ का अष्टमेवा और भांग शृंगार किया जाएगा।








