सर्दी पर भारी श्रद्धा… सिद्धवट पर उमड़े आस्थावान

स्नान के बाद पितरों के निमित्त तर्पण और पिंडदान
कल कार्तिक पूर्णिमा, नहान के लिए शिप्रा के घाटों पर पहुंचेंगे लोग
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कार्तिक मास की बैकुंठ चतुर्दशी पर आज रविवार को मोक्षदायिनी शिप्रा के सिद्धवट घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ा। देशभर से आए श्रद्धालुओं ने शिप्रा में पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के निमित्त तर्पण और पिंडदान किया। वहीं, पूर्वजों की तृप्ति और सद्गति की कामना से सिद्धवट पर दूध अर्पित करने वालों की भी लंबी कतार लगी रही। कल सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा पर भी श्रद्धालु शिप्रा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। पूर्णिमा तिथि आज रात 11 बजे के बाद प्रारंभ होगी।
बैकुंठ चतुर्दशी पर सिद्धवट घाट पर स्नान, पितरों के निमित्त तर्पण-पिंडदान और दुग्धधारा अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सिद्धवट पर दूध चढ़ाने से पितरों को तृप्ति और सद्गति प्राप्त होती है। इसी आस्था के चलते रविवार को उज्जैन के सिद्धवट क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी।
अलसुबह से घाट पर स्नान करने वालों का जमावड़ा लगने लगा। सर्द हवाओं और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं रही। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को भी शिप्रा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। श्रद्धालु सोमवार को स्नान-दान कर पुण्य अर्जित करेंगे।









