काम की स्पीड कम मिली, एजेंसी टीएन गर्ग पर लगी 10 लाख रुपए की पेनल्टी

निर्माण कार्य की समयसीमा एवं क्वालिटी को लेकर निगमायुक्त ने की कार्रवाई
पुराने शहर की कई सड़कों के निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने देखें काम
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ कामों की रफ्तार को लेकर प्रशासन अब चिंतित है। काम की रफ्तार को लेकर अब प्रशासनिक सख्ती भी तेज हो गई है। इसी कड़ी में चौड़ीकरण कामों का मुआयना करने निकले निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने वीडी क्लॉथ मार्केट-निकास चौराहा सड़क की स्पीड कम रहने पर टीएन गर्ग एजेंसी पर १० लाख की पेनल्टी लगा दी। कुछ दिन पहले ही घासमंडी-उद्यन मार्ग के ठेकेदार पर भी इतनी ही पेनल्टी लगाई थी और इसके बाद यहां काम ने रफ्तार पकड़ ली है। घासमंडी से आगे अर्थवर्क तेजी से शुरू हो गया है।
दरअसल, रविवार सुबह 6 बजे ही निगमायुक्त अपनी टीम के साथ मुआयने पर निकल पड़े थे। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर काम की प्रगति एवं क्वालिटी का जायजा लिया और अफसरों एवंं निर्माण एजेंसियों से जानकारी लेकर समीक्षा की।
रामानुज कोट-दानीगेट चौड़ीकरण
करीब 470 मीटर लंबी एवं 18 मीटर चौड़ाी सड़क में 1600 एमएम स्टॉर्म वाटर ड्रेन लाइन स्थापित की जा रही है। यह कार्म 10 दिसंबर तक करने का कहा। मार्ग में बाधक मकानों को शीघ्र हटाने, पोल शिफ्टिंग और 250 मीटर की नाली का निर्माण तुरंत प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
छत्री चौक -तेलीवाड़ा चौराहा
ठेकेदार के संसाधनों से मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए। 200 मीटर नाली का निर्माण कार्य प्रारंभ करने का कहा। अफसरों से कहा कि ट्रैफिक के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा गार्ड तैनात करें।
निकास चौराहा- वीडी क्लॉथ मार्केट
सीवरेज एवं नाली निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं मिली। नाराजगी जताते हुए फर्म तुलसीनारायण गर्ग पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगा दी। आयुक्त ने कहा कि चौड़ीकरण में किसी तरह की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों से अस्थायी अतिक्रमण एवं आवारा मवेशियों को हटाने का कहा।
गोपाल मंदिर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
गोपाल मंदिर स्थित निर्माणाधीन जी-प्लस-3 शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर एवं बेसमेंट-1 के स्लैब निर्माण कार्य में तेजी लाने का कहा। कॉम्प्लेक्स में 100 से अधिक वाहनों की पार्किंग रहेगी। 50 से अधिक दुकानों का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके बनने से इस इलाके के कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।









