पुलिस की शक्ति ने संभाला मैदान, 22 घंटे तैनात रहेंगी

रात 8 से 2 तक रहेगी तैनात, एफआरवी से लेकर टू-व्हीलर तक से करेंगी गश्त
उज्जैन। शक्ति के पर्व नवरात्र में पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी अपनी शक्ति बिग्रेड को दे दी है। यह स्कवॉड तडक़े 4 बजे से रात 2 बजे तक सक्रिय रहेगी।
इसकी जिम्मेदारी रात 8 से 2 के बीच फुल रहेगी। इस बीच 13 एफआरवी और 13 स्कवॉड को महिला पुलिसकर्मी लीड करेंगी। शनिवार को शक्ति दलों को पुलिस लाइन से रवाना किया गया।
एसपी प्रदीप शर्मा ने शक्ति स्कवॉड की डयूटी को चार भागों में बांटा है।
एफआरवी- 13 थानों की 13 एफआरवी को महिला पुलिसकर्मी लीड करेंगी। यह अपने क्षेत्र के गरबा पंडालों की पेट्रोलिंग करेंगी।
शक्ति स्कवॉड- सभी 13 थानो में सक्रिय रहेंगे। एक टू व्हीलर से दो महिला पुलिसकर्मी गश्त करेंगी।
पेट्रोलिंग- सुबह और शाम शहर को दो हिस्सों पूर्व एवं पश्चिम में बांटकर महिला इंस्पेक्टर एवं सब इंस्पेक्टर अपने इलाकों में गश्त करेंगी।
फिक्स पाइंट- दशहरा मैदान और स्वीमिंग पूल चौराहे पर फिक्स पाइंट रहेगा। यहां महिलाकर्मी तैनात रहेंगी।









