समग्र में बदलाव करना अब आसान नहीं, पोर्टल के लिए तय हुए कम्प्यूटर

पुरानी व्यवस्था में हैकर्स कहीं से भी सिस्टम में सेंध लगाकर समग्र आईडी में बदलाव कर देते थे
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। समग्र आईडी में फर्जीवाड़े और अनाधिकृत बदलाव रोकने के लिए मप्र सरकार ने नई व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत समग्र 2.0 नाम से नया पोर्टल बनाया है। नई व्यवस्था में समग्र आईडी से जुड़े काम किसी भी कंप्यूटर से नहीं किए जा सकेंगे। इसके लिए हर जोन में अधिकतम दो कंप्यूटर तय होंगे। इन्हीं से पोर्टल खुलेगा और समग्र आईडी में जरूरी बदलाव किए जा सकेंगे।
दरअसल, पुरानी व्यवस्था में हैकर्स द्वारा कहीं से भी सिस्टम में सेंध लगाकर समग्र आईडी में बदलाव करने की समस्या सामने आई थी। नई व्यवस्था में इस तरह की छेड़छाड़ रोकने का दावा किया जा रहा है। समग्र सुरक्षा अधिकारी विकास गुप्ता (ई-गवर्नेंस ऑफिस, कलेक्ट्रेट) के मुताबिक भोपाल में 1 सितंबर से पायलट प्रोजेक्ट लागू किया गया है। इसका उद्देश्य व्यवस्था को अधिक सुरक्षित-पारदर्शी बनाना है।
और ये तीन सबसे बड़े फायदे
फर्जी बदलाव पर रोक: अनाधिकृत लोगों के लिए समग्र आईडी में हेरफेर करना मुश्किल होगा। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गड़बड़ी पर जिम्मेदारी तय होगी: सीमित कंप्यूटरों से काम होने के कारण यह पता लगाना आसान होगा कि किस जोन के अधिकृत सिस्टम से बदलाव किया गया।
पासवर्ड मिलने पर भी सीधे नहीं खुलेगा पोर्टल: केवल पासवर्ड के आधार पर पोर्टल तक पहुंच नहीं मिलेगी। कंप्यूटर का अधिकृत होना भी जरूरी होगा। तकनीकी भाषा में इसे डिवाइस बाइंडिंग या व्हाइटलिस्टिंग कहा जाता है। इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था में कंप्यूटर की नेटवर्क पहचान जांची जा सकती है।
ये तीन बड़े बदलाव
1. कम्प्यूटर की पहचान पहले से दर्ज: समग्र 2.0 का इस्तेमाल उन्हीं कंप्यूटर या लैपटॉप पर हो सकेगा, जिनके आईपी एड्रेस पहले से सिस्टम में दर्ज होंगे। अन्य कंप्यूटरों से पोर्टल नहीं खुलेगा।
2. हर जोन में अधिकतम दो कंप्यूटर: हर जोन में दो कम्प्यूटर ही अधिकृत होंगे। एक ऑफिस का कंप्यूटर और दूसरा लैपटॉप हो सकता है। तीसरे कंप्यूटर से पोर्टल का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
3. वार्ड के बजाय जोन से नियंत्रण: समग्र में बदलाव के अधिकार जोन स्तर तक सीमित रहेंगे। वार्ड स्तर से सीधे अनधिकृत बदलाव नहीं किए जा सकेंगे। इससे कामकाज पर निगरानी बढ़ेगी।









