Popup Image

अगले साल बदल सकता है मध्यप्रदेश का नक्शा

मार्च में प्रशासनिक इकाई आयोग सौंप सकता है रिपोर्ट, जनपद पंचायतों की सीमाओं की समीक्षा

Advertisement

भोपाल। मध्यप्रदेश का प्रशासनिक नक्शा अगले साल बदल सकता है। जिलों की सीमाओं में फेरबदल के साथ नए जिलों के गठन का रास्ता भी खुल सकता है। प्रशासनिक इकाई आयोग मार्च 2027 तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप सकता है। इसके बाद सरकार सीमाओं के पुनर्निर्धारण और नए जिले बनाने पर फैसला लेगी। बीना और शिवपुरी जिले के करैरा को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से सामने है। वहीं रायसेन जिले से बाड़ी-बरेली को अलग जिला बनाने के विकल्प पर भी विचार हो सकता है।

राज्य सरकार ने सितंबर 2026 में जिलों की सीमाओं के नए सिरे से निर्धारण के लिए प्रशासनिक इकाई आयोग का गठन किया था। आयोग अब तक प्रदेश के 55 में से करीब 50 जिलों का दौरा कर चुका है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर सामने आई समस्याओं, भौगोलिक परिस्थितियों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को दर्ज किया गया है। दिसंबर से आयोग जनसुनवाई शुरू करने की तैयारी में है। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बुलाकर सीमाओं में बदलाव और प्रशासनिक सुविधा से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे। आयोग के सामने सबसे बड़ा सवाल उन क्षेत्रों का है, जहां शहर भौगोलिक रूप से किसी दूसरे जिले के नजदीक हैं, लेकिन प्रशासनिक रूप से उनका हिस्सा कहीं और है। ऐसे क्षेत्रों को समीपवर्ती जिलों से जोडऩे का प्रस्ताव सामने आ सकता है। जैसे मंडीदीप भोपाल से सटा होने के बावजूद रायसेन जिले में शामिल है। सांची विदिशा से महज सात-आठ किलोमीटर की दूरी पर है, लेकिन रायसेन जिले का हिस्सा है।

Advertisement

बुधनी नर्मदापुरम के नजदीक होने के बावजूद सीहोर जिले में आता है। इन क्षेत्रों की प्रशासनिक सीमाओं पर पुनर्विचार हो सकता है। आयोग का उद्देश्य यह देखना है कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं, योजनाओं और प्रशासनिक कामकाज के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े। सूत्रों के मुताबिक बालाघाट, सागर, शिवपुरी, विदिशा और रायसेन समेत कई जिलों की सीमाओं में बदलाव की संभावना है।

जिलों के साथ तहसील और संभाग भी समीक्षा के दायरे में
आयोग की समीक्षा केवल जिला मुख्यालयों और सीमाओं तक सीमित नहीं है। संभागों, तहसीलों, जनपद पंचायतों और विकासखंडों की भौगोलिक स्थिति भी जांची जा रही है। इसका मकसद प्रशासनिक इकाइयों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थित करना है। प्रदेश में आबादी, शहरीकरण और भौगोलिक परिस्थितियों में समय के साथ बड़ा बदलाव आया है। ऐसे में पुराने प्रशासनिक ढांचे में संशोधन की जरूरत महसूस की जा रही है। आयोग इन बदलावों को ध्यान में रखकर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा। जनसुनवाई के बाद सुझावों का परीक्षण होगा और फिर अंतिम सिफारिशें सरकार को भेजी जाएंगी।

Advertisement

चुनाव से पहले नए जिले बनाने की परंपरा
मध्यप्रदेश में पिछले दो विधानसभा चुनावों से पहले नए जिलों का गठन हुआ है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले टीकमगढ़ से अलग कर निवाड़ी जिला बनाया गया था। वहीं 2023 के चुनाव से पहले सतना से मैहर, छिंदवाड़ा से पांढुर्णा और रीवा से मऊगंज को अलग जिला बनाया गया था। इस बार भी दो से तीन नए जिले बनाए जाने की संभावनाओं पर चर्चा है। हालांकि, अंतिम फैसला आयोग की रिपोर्ट और सरकार के परीक्षण के बाद ही होगा।

बीना, करैरा और बाड़ी-बरेली की दावेदारी
नए जिलों की मांग में बीना का नाम लंबे समय से शामिल है। स्थानीय स्तर पर इसे जिला बनाने की मांग उठती रही है। बीना विधायक भी इस मांग को लेकर सक्रिय रहे हैं। इसी तरह शिवपुरी जिले के करैरा को जिला बनाने की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से की जा रही है। रायसेन जिले के पुनर्गठन के साथ बाड़ी-बरेली को नया जिला बनाने का प्रस्ताव भी चर्चा में है। इस क्षेत्र से पहले भी अलग जिला बनाने की मांग उठ चुकी है। आयोग की रिपोर्ट में इन मांगों को कितनी जगह मिलती है, यह मार्च के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल आयोग की कवायद का केंद्र प्रशासनिक सुविधा और भौगोलिक संतुलन है। रिपोर्ट आने के बाद सरकार के सामने दो बड़े फैसले होंगे-पुराने जिलों की सीमाएं कहां बदली जाएं और किन क्षेत्रों को नए जिले का दर्जा दिया जाए।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें