दो बच्चों को जहर देकर खुद खाया, तीनों की मौत

भोपाल। भोपाल में एक मां ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खाकर जान दे दी। घटना से पहले महिला बच्चों को आधे दिन में ही स्कूल से घर ले आई थी और उन्हें खाना भी खिलाया था। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार देर रात मां ने, जबकि रविवार तड़के दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, ईंटखेड़ी के अरवलिया क्षेत्र में रहने वाली 37 वर्षीय रुखसाना के पति फहीम धार्मिक शिक्षा देने के साथ ही मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। परिवार में 12 साल की बेटी (छठी कक्षा) और 8 साल का बेटा (दूसरी कक्षा) था। फहीम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर छोटे भाई की पत्नी ने रुखसाना से आटा मांगा था। घर में आटा कम होने की बात कहकर रुखसाना ने मना कर दिया। जब फहीम को इसका पता चला तो उन्होंने पत्नी को सख्त लहजे में समझाया था, जिससे वह काफी नाराज थी।
बच्चों को स्कूल से जल्दी घर लाई, फिर पिलाया सल्फास
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर फहीम अपनी दुकान पर थे। इसी बीच रुखसाना ने आधे समय बाद ही दोनों बच्चों की स्कूल से छुट्टी करा ली और उन्हें घर ले आई। घर लाकर उसने बच्चों को खाना खिलाया और कुछ देर सामान्य रही। इसके बाद उसने गेहूं में रखने वाली सल्फास की गोली पानी में घोलकर पहले दोनों बच्चों को पिलाई और फिर खुद भी पी ली।
चीख-पुकार सुन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे पड़ोसी
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि शाम के समय घर के अंदर से बच्चों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसियों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि मां और दोनों बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन और पड़ोसी आनन-फानन में तीनों को हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस: एसपी
मामले को लेकर एसपी पंकज पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में देवरानी से हुए विवाद और पति की फटकार से नाराज होकर यह आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। मृतका के पिता हलीम खान ने भी देवरानी से हुए विवाद को ही घटना की वजह बताया है। फिलहाल, पुलिस परिजन के बयान और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।









