Popup Image
Advertisement

बच्चों की थाली में ऐसा क्या मिला कि 13 की बिगड़ी तबीयत?

आलू की सब्जी में छिपकली दिखने के बाद मचा हड़कंप

Advertisement

बच्चों को उल्टी-पेट दर्द की शिकायत; जेपी अस्पताल में चल रहा इलाज

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मुगालिया छाप-नीलबड़ स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय के बॉयज हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार रात भोजन वितरण के दौरान एक थाली में आलू की सब्जी के साथ मरी हुई छिपकली दिखाई देने की बात सामने आई। इसके बाद करीब 13 बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। सभी बच्चों को रात करीब 10:30 बजे उपचार के लिए जेपी अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया और भोजन वितरण रोक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने खाने में छिपकली मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Advertisement

छिपकली दिखने के बाद रोका भोजन वितरण

जानकारी के अनुसार, श्रमोदय आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रात 8 बजे से भोजन वितरण शुरू होता है। सबसे पहले छठवीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को खाना दिया जाता है। भोजन गल्र्स हॉस्टल की मेस में तैयार किया जाता है और वहां से आधा भोजन बॉयज हॉस्टल में वितरण के लिए भेजा जाता है।

Advertisement

शनिवार रात भोजन वितरण के दौरान एक थाली में आलू की सब्जी के साथ मरी हुई छिपकली दिखाई देने की बात सामने आई। इसकी जानकारी ग्रुप कैप्टन को दी गई, जिसके बाद खाना बांटना रोक दिया गया। इसी बीच कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद करीब 13 बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।

रात 11 बजे के बाद तैयार किया गया नया खाना

घटना के बाद हॉस्टल प्रबंधन ने नया भोजन तैयार कराया। रात 11 बजे के बाद विद्यार्थियों को नया खाना परोसा गया। बीमार बच्चों में छठवीं, सातवीं, आठवीं और नौवीं कक्षा के छात्र शामिल बताए गए हैं। सभी को जेपी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।

हॉस्टल में रहते हैं 1120 छात्र-छात्राएं

श्रमोदय आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में छठवीं से 12वीं कक्षा तक के कुल 1120 छात्र-छात्राएं रहते हैं। इनमें 560 छात्राएं और 560 छात्र शामिल हैं। छात्राओं और छात्रों के रहने के लिए अलग-अलग भवन हैं। विद्यालय में प्रत्येक कक्षा में 80 बच्चों के बैठने की क्षमता बताई गई है।

घटना के बाद स्कूल की प्रिंसिपल रतना दुबे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से जवाब नहीं मिला। फिलहाल बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारणों और भोजन में कथित तौर पर छिपकली मिलने के मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि शनिवार रात बच्चों के खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने और उन्हें जेपी अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें