Popup Image
Advertisement

सीवर लाइन डाली, सड़क सुधारना भूले जिम्मेदार; लोहार पट्टी के पीछे सफाई भी बेहाल

क्षेत्र के लोगों का आरोप शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्यवाही

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नानाखेड़ा में लोहार पट्टी के पीछे वार्ड 47 की लवकुश नगर सहित आसपास के क्षेत्र में नालियों की साफ-सफाई नियमित नहीं हो रही है। लोग खुद ही नालियों की सफाई करते हैं परंतु कचरा नालियों के बाहर ही पड़ा रहता है। कुछ दिनों में सूखकर वापस नाली में मिल जाता है। यहां कचरागाड़ी तो आती है परंतु कचरा नहीं उठाती। घर का कचरा लोग डालते हैं वही लेकर चली जाती है। क्षेत्र में सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत भी नहीं हुई है जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है। यही स्थिति गांधी नगर विक्रम एवेन्यू और विक्रम विहार कॉलोनी की भी है। इन कॉलोनियों में 100 से अधिक परिवार रहते हैं।

लोगों की शिकायत है कि नवरात्रि में जगह-जगह माताजी की स्थापना हो चुकी है, परंतु यहां नियमित सफाई नहीं होने के कारण कचरे गंदगी के बीच फैली हुई है और माताजी को गंदगी के बीच ही बैठाना मजबूरी बन गया है। रहवासियों ने बताया उन्हें नालियों की सफाई खुद ही करना पड़ती है। यदि खुद सफाई न करें तो नालियां चोक हो जाती हैं और गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। रहवासियों ने बताया नगर निगम और वार्ड पार्षद को शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

Advertisement

गड्ढे भर दिए परंतु सड़क की मरम्मत नहीं की
कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने का काम हुए एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है। सीवर लाइन बिछाने के बाद गड्ढे तो भर दिए परंतु सड़क की मरम्मत नहीं हुई है जिससे कॉलोनी के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। रहवासियों की शिकायत है कि क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू करने के बाद अधूरा छोड़कर दूसरी जगह काम शुरू कर देते हैं। इससे ज्यादा लोगों को परेशानी हो रही है। यदि एक काम पूरा करने के बाद दूसरे स्थान पर काम शुरू किया जाए तो रहवासियों को सुविधा होगी।

स्कूल के पास भी फैली है गंदगी
लवकुश नगर में ही शासकीय माध्यमिक विद्यालय नानाखेड़ा स्थित है। इस स्कूल में 200 से अधिक बच्चे पढऩे आते हैं परंतु स्कूल के आसपास भी साफ-सफाई नहीं हो रही है। स्कूल के बच्चे भी इसी गंदगी कचरे के बीच से स्कूल आते जाते हैं।

Advertisement

कॉलोनी के रहवासियों की यह है शिकायत़

नाले की गंदगी फैली पड़ी है
विक्रम एवेन्यु स्थित किराना दुकान संचालक आशीष जैन ने बताया 30 साल पुरानी इस कॉलोनी में सफाई की समस्या है। नाले की गंदगी फैली पड़ी है। नाले भी क्षतिग्रस्त हैं जिसके कारण पानी बाहर बहता है। कॉलोनी के खाली प्लाटों पर लोग कचरा फेंक देते हैं जो उड़कर इधर-उधर बिखर जाता है। सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। पार्षद सहित नगर निगम को भी शिकायत की परंतु कोई हल नहीं निकला। नवरात्रि में ज्यादा परेशानी होगी।

एक-एक महीने तक नाली की गंदगी नहीं उठाते
लवकुश नगर निवासी सुनीता केसरवानी ने बताया ऐसा लगता है मनुष्य की तरह नहीं जानवरों की तरह रह रहे हैं। नाले नालियों की सफाई हमें खुद करना पड़ती है। गंदगी उठाने एक-एक महीने तक कोई नहीं आता। गड्ढे भरने के बाद सड़क भी नहीं बनाई है। दीपावली आ रही है। इसी गंदगी कचरे के बीच दीपावली कैसे मनाएंगे।

अभी आता हूं कहकर चला जाता है सफाईकर्मी
लवकुश नगर की अनीता बैस ने बताया कचरे गंदगी के कारण नालियां जाम हो जाती हैं। हमें ही नालियों की सफाई करना पड़ती है। खुद सफाई नहीं करें तो सड़क पर नाली का पानी बहता है। सफाईकर्मी को कहते हैं तो अभी आ रहा हूं कहकर चला जाता है। सड़क खुदे हुए एक महीना हो गया परंतु अब तक ठीक नहीं हुई।

बच्चें का ध्यान रखना पड़ता है
क्षेत्र के रहवासी राधेश्याम माली ने बताया नाले का पानी सड़क पर बहता रहता है। बच्चे भी यहीं खेलते हैं। कोई दुर्घटना न हो जाए इसलिए बच्चों का ध्यान रखना पड़ता है।

सड़क की मरम्मत करवाएं
रहवासी देवेंद्रसिंह बुंदेला ने बताया कचरा नहीं उठाने और सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं करने की दो प्रमुख समस्या है। नगर निगम को शिकायत कर पांच दिन पहले नाली की सफाई करवाई थी परंतु नाली के बाहर पड़ी गंदगी अब तक नहीं उठी है। यही गंदगी सूखने के बाद वापस नाली में मिल जाएगी।

सूखने के बाद उठाते हैं नाली का कचरा
पार्षद प्रतिनिधि गोपाल बलवानी ने बताया नाली का गीला कचरा उठाने में परेशानी होती है इसलिए कचरा गंदगी सूखने के बाद उठाते हैं। लवकुश नगर के रहवासियों की शिकायत पर नाली की सफाई करवाई है। एक दो दिन में कचरा उठ जाएगा। विक्रम एवेन्यु और अन्य कॉलोनियों में सफाई हो रही है। आसपास की कॉलोनियों में भी सीवर लाइन का काम अभी चल रहा है। खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी शीघ्र करवा दी जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें