घरेलू टंकी की गैस कमर्शियल में खाली करते पकड़ा गया

उज्जैन। जयसिंह पुरा में पुलिस ने घरेलू गैस टंकी से कमर्शियल टंकी भरते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु सेवा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार जयसिंहपुरा में ज्ञान मंदिर के पीछे फर्जी रूप से कमर्शियल टंकी भरने की सूचना मिली थी। सूचना पर सोमवार शाम करीब 6 बजे दबिश दी। मौके से 3 घरेलू सिलेंडर और एक कमर्शियल सिलेंडर मिले। आरोप हॉकर रामबरन पिता भागीरथ निवासी भिंड के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पूछताछ में स्पष्ट हुआ है कि आरोपी सुरक्षा साधनों के बगैर देसी बंसी लगाकर घरेलू गैस सिलेंडर की टंकी से कमर्शियल टंकी भर रहा था। एक हजार रुपए कीमत की टंकी से आरोपी तीन हजार रुपए कमा लेते हैं। घरेलू टंकी की कीमत एक हजार रुपए और कमर्शियल टंकी की कीमत 2980 रुपए है।
मजदूरी में रुपए नही सिलेंडर लेते हैं
जानकारी के अनुसार इस हेराफेरी में गैस टंकी वितरित करने वाले कई हॉकर शामिल हैं। गैस एजेंसी संचालकों के शामिल होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एजेंसी की टंकियां लगाने के लिए कई हॉकर रुपए के बदले घरेलू टंकियां लेते हैं और कमर्शियल टंकी भरकर बेच लेते हैं। रुपए के बजाय टंकी देने में एजेंसी संचालक को भी लाभ होता है। जानकारी यह भी है कि गरम पानी डालकर कुकिंग गैस टंकी की सील निकालकर घरेलू गैस टंकी की गैस चुराने और वापस सील लगा देने का काम भी होता है।
ऑटो जलाया, कैफे में भी आग लगाई
उज्जैन। आपस विवाद के चलते जबरन कॉलोनी और क्षीर सागर क्षेत्र में आगजनी की अलग-अलग दो घटनाएं हुईं। जबरन कॉलोनी में आरोपियों ने पड़ोसी के ऑटो रिक्शा में आग लगा दी जबकि क्षीर सागर स्टेडियम के पास कैफे में आगजनी हुई है।
पुलिस के अनुसार जबरन कॉलोनी निवासी मोरसिंह अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि दिन में पड़ोसी संजय तुलसीराम से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आरोपी ने रात को घर के बाहर खड़े ऑटो में आग लगा दी। अन्य घटना में आरोपी अनिल ने क्षीर सागर स्टेडियम के पास कैफे में आग लगा दी। पुलिस के अनुसार दिन में कैफे संचालक प्रमोद सूर्यवंशी का रुपयों के लेन देन को लेकर अनिल से विवाद हुआ था। इसपर आरोपी ने कैफे में आग लगा दी। घटना में कैफे संचालक का करीब 50 हजार का नुकसान हो गया।









