Popup Image
Advertisement

राष्ट्रपति भवन में हो सकती है ‘रामायण’ की स्पेशल स्क्रीनिंग, मेकर्स ने शुरू की तैयारी

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ रिलीज से पहले चर्चा में है। फिल्म को लेकर एक नई खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 नवंबर को दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राजनीतिक नेताओं के लिए फिल्म की खास स्क्रीनिंग आयोजित की जा सकती है। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ‘मिड-डे’ की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के मेकर्स राष्ट्रपति भवन में स्क्रीनिंग कराने के लिए जरूरी अनुमतियां लेने की कोशिश कर रहे हैं। अगर इसकी मंजूरी मिल जाती है, तो रिलीज के दिन ही नेताओं को फिल्म दिखाए जाने की संभावना है।

Advertisement

मुंबई और दिल्ली में भी हो सकता है प्रीमियर

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि फिल्म की टीम दो प्रीमियर आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इनमें एक कार्यक्रम मुंबई और दूसरा दिल्ली में हो सकता है। मुंबई में प्रीमियर के लिए नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) का नाम सामने आया है। संभावना है कि इन कार्यक्रमों में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और निर्देशक नितेश तिवारी शामिल हों। हालांकि, कार्यक्रमों की तारीख और मेहमानों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Advertisement

रणबीर कपूर के लुक और कहानी को लेकर चर्चा

फिल्म से रणबीर कपूर के कई लुक सामने आ चुके हैं। भगवान राम के किरदार में उनका शांत और प्रभावशाली अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। हाल ही में सामने आए एक पोस्टर में रणबीर अपने पिता की अस्थियों का विसर्जन करते नजर आए थे। फिल्म में साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका निभा रही हैं।

Advertisement

ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज हुआ था ट्रेलर

फिल्म के पहले पार्ट का ट्रेलर 30 जुलाई 2026 को सुबह 4:15 बजे लॉन्च किया गया था। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया। ट्रेलर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के किरदार में साई पल्लवी, लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे और रावण के रूप में यश की झलक देखने को मिली थी।

‘जय जय राम’ गाने को भी मिला ध्यान

फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के मौके पर रिलीज किया गया था। इसे श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने गाया है। गाने का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। फिल्म के संगीत पर ए.आर. रहमान के साथ हॉलीवुड के संगीतकार हंस जिमर भी काम कर रहे हैं। गाने के विजुअल्स में भगवान राम और माता सीता के विवाह, उनके दिव्य संबंध और भक्ति के भाव को दिखाया गया है। इसमें पारंपरिक धार्मिक तत्वों को आधुनिक संगीत के साथ पेश किया गया है। फिलहाल फिल्म की रिलीज और संभावित स्क्रीनिंग को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। राष्ट्रपति भवन में स्क्रीनिंग की खबर की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही कार्यक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें