सड़क पार कर रहे सब्जी व्यापारी को बाइक ने रौंदा, अस्पताल में तोड़ा दम

टक्कर मारते ही फरार हुआ बाइक सवार… परिवार का इकलौता सहारा छिना
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। सड़क पर बेकाबू रफ्तार ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। जूनी इंदौर थाने के ठीक पास एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे 42 वर्षीय सब्जी कारोबारी मनीष बिजवा को भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि मनीष हवा में उछलकर दूर जा गिरे और बाइक चालक मौके से तेजी से भाग निकला।
राहगीरों ने गंभीर हालत में उन्हें एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां जिंदगी और मौत से लड़ते हुए बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। मनीष सोनकर धर्मशाला के सामने दुकान लगाकर अपने बूढ़े माता-पिता, दो बेटियों और भाई का पेट पाल रहे थे। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। जूनी इंदौर पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश में चैकिंग कर रही है।
बस चालक को वाहन ने कुचला
सड़क पर बेलगाम दौड़ते अज्ञात वाहन ने घर लौट रहे एक बस चालक को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के राऊ में सेज यूनिवर्सिटी के पास मंगलवार देर रात को हुआ था। निजी ट्रेवल्स में बस चलाने वाले नवीन सोलंकी (40) बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में भीषण टक्कर मार दी।
लहूलुहान हालत में नवीन को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बुधवार सुबह उनकी सांसें थम गईं। नवीन के अचानक जाने से उनकी बुजुर्ग मां, दो भाई और तीन मासूम बच्चों के सामने अंधेरा छा गया है। परिजन में गहरा आक्रोश और मातम है। तेजाजी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर टक्कर मारकर भागे वाहन और उसके चालक की धरपकड़ शुरू कर दी है।









