सिंहस्थ की तैयारी : ड्रोन से उज्जैन पुलिस रखेगी नजर

सुरक्षा एवं सुगम स्नान पर अफसरों ने किया मंथन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस बार का सिंहस्थ पिछली बार की तुलना में ज्यादा हाईटेक रहेगा। ड्रोन से पुलिस पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखेगी। इसमें टेलीकम्युनिकेशन की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
बुधवार को पुलिस अफसरों ने सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालु की सुगम आवाजाही और स्नान व्यवस्था पर चिंतन-मनन किया। मीटिंग एडीजी, राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा की मौजूदगी में हुई। इसमें कई मुद्दों पर विचार किया गया।
श्रद्धालुओं की स्नान व्यवस्था, मेला क्षेत्र में ड्रोन इंस्टालेशन और, रेडियो कम्युनिकेशन के लिए जगह चुनने के साथ उस वक्त के ट्रैफिक प्लान पर भी चर्चा की गई।
सिंहस्थ में तैनात होने वाले पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभारी संचार व्यवस्था पर भी मंथन किया गया।
सिंहस्थ में तकनीक के बेहतर उपयोग एवं एजेंसियो से समन्वय पर भी जोर दिया गया।
डाइट में दी साइबर अपराध से बचने की जानकारी
उज्जैन। बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए पुलिस ने डाइट संस्थान में अपराध से बचने की जानकारी दी। सीएसपी दीपिका शिंदे ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की ट्रिक समझाई।
ऑनलाइन धोखाधड़ी, अनजान कॉल एवं लिंक, फर्जी वेबसाइट, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर सीएसपी ने अपनी बात रखी।
सीएसपी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करें। अपनी व्यक्तिगत बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से शेयर नहीं करें। अनजान व्यक्ति को कभी भी किसी भी तरह का अपना ओटीपी नंबर नहीं बताएं।
अगर साइबर ठगी हो जाती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।









