उज्जैन को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

किसानों का कर्ज और बिजली बिल माफ करने सहित विशेष राहत पैकेज देने का आग्रह
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अल्पवर्षा से उपजी स्थितियों के बाद कांग्रेस ने उज्जैन को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। किसानों और आम नागरिकों के मुद्दे को लेकर शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासनिक अफसरों को ज्ञापन सौंपकर उज्जैन को सूखाग्रस्त घोषित करने का अनुरोध किया है। जिला अध्यक्ष व विधायक महेश परमार ने कहा कि अल्पवर्षा से आम आदमी परेशान है। सीएम को उज्जैन को तत्काल सूखा घोषित कर किसान भाइयों को विशेष आर्थिक पैकेज (राहत राशि) देना चाहिए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया कि कम बारिश के कारण जलाशय नहीं भर पाए हैं और भूजल स्तर भी नहीं बढ़ा है। ऐसे में प्रशासन से मांग की गई है कि बैंकों व सहकारी समितियों से सभी प्रकार की कर्ज वसूली तुरंत बंद की जाए। इसके अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती बंद कर बकाया बिजली बिलों की वसूली रोकने और चार माह का विद्युत कनेक्शन नि:शुल्क करने की मांग भी की गई है।
पेयजल के लिए उचित कदम उठाने की मांग
पार्टी ने पेयजल के लिए वैकल्पिक कदम उठाने, उपलब्ध पानी का संरक्षण करने, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नर्मदा पाइपलाइनों से पानी देने और राहत कार्य प्रारंभ करने की मांग रखी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बकाया बीमा राशि प्रदान करने, शहरी क्षेत्रों में टूटी पाइपलाइनों को दुरुस्त कर पर्याप्त प्रेशर से जल प्रदाय करने और गंदे पानी की सप्लाई तुरंत रोकने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। संगठन मंत्री अजय राठौर ने बताया कि सभा को विधायक दिनेश जैन बॉस, नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय, चंद्र सोंधिया, मनोहर बैरागी, दिलीप गुर्जर, सुरेंद्र रघुवंशी, अनिल गोस्वामी और राजेंद्र वशिष्ठ सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
कांग्रेस लगाएगी हर ब्लॉक में चौपाल दो महीने तक चलेगा अभियान
उज्जैन। कांग्रेस जिले के हर ब्लॉक में चौपाल लगाएगी। इसके माध्यम से वोट चोरी की जानकारी दी जाएगी। बुधवार को पार्टी की शहर एवं जिला इकाई नेअभियान के साथ कई मसलों पर चर्चा की और रणनीति बनाई।
शहर और जिला कांग्रेस की संयुक्त बैठक में जिला अध्यक्ष महेश परमार ने बताया कि लोकतंत्र और देश बचाने का कार्यक्रम पूरे दो माह तक जिले और शहर के प्रत्येक ब्लॉक में चलेगा। ब्लॉक स्तरीय जनसंपर्क में गांवों में चौपाल लगाकर वरिष्ठों से चर्चा की जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्ययोजना में इन चौपालों में मतदाता सूचियों में हुई गड़बड़ी के प्रति जागरुक करते हुए संविधान के अनुच्छेद 326 को भी समझाया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री की यात्रा तैयारियों पर चर्चा
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जाने वाली यात्रा की तैयारी पर भी विचार किया गया। 20 अक्टूबर से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी रवींद्र साहू ने सभी कार्यकर्ताओं से यात्रा में शामिल होने की होने की अपील की। संगठन मंत्री अजय राठौर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। बैठक को विधायक महेश परमार, मुकेश भाटी, दिनेश जैन बॉस, नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय, चंद्र सोंधिया, मनोहर बैरागी, दिलीप गुर्जर, सुरेंद्र रघुवंशी, अनिल गोस्वामी और राजेंद्र वशिष्ठ सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।संचालन एनएसयूआई अध्यक्ष हिमांशु शुक्ल ने किया।









