शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर वॉटर पार्क संचालक से 8.59 लाख ठगे

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शेयर बाजार के नाम पर सोशल मीडिया पर सक्रिय शातिर साइबर ठगों ने शहर के एक वॉटर पार्क संचालक को अपनी ठगी का बड़ा शिकार बना लिया। मुनाफा कमाने की चाहत में संचालक ऐसे फर्जी ट्रेडिंग एप के फेर में फंसे कि आरोपियों ने पहले लाखों रुपए जमा कराए, फिर स्क्रीन पर 29 लाख का फर्जी मुनाफा दिखाकर आईपीओ के नाम पर 18 लाख रुपए और ऐंठने का दबाव बना दिया। ठगी का खुलासा होने पर हीरा नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त रितेश कुमार निमाड़े ने फेसबुक पर ट्रेडिंग विज्ञापन देखकर लिंक पर क्लिक किया था। इसके बाद उन्हें ‘ष्टरुढ्ढरूक्च ॥ढ्ढत्र॥श्वक्र – 993’ व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। शुरुआत में 10 से 20 फीसदी मुनाफा दिखाकर आरोपियों ने दस्तावेज हासिल किए। फिर वंशिका नाम की युवती ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल से वेरिफिकेशन कर ट्रेडिंग अकाउंट सक्रिय करने का भरोसा दिया।
लाखों का फर्जी मुनाफा
युवती के झांसे में आकर रितेश ने 25 अगस्त से ट्रेडिंग शुरू की और अलग-अलग खातों में 8 लाख 59 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। पीडि़त का भरोसा पूरी तरह जीतने के लिए जालसाजों ने फर्जी ऐप के डैशबोर्ड पर उनका मुनाफा 29 लाख रुपए दर्शा दिया।









