Popup Image
Advertisement

पिकनिक मनाने आए इंदौर के कार सवार ने तीन लोगों को रौंदा, मौत

घर के बाहर बैठे बुजुर्ग को कुचलकर पेड़ से टकराई, ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा, पुलिस ने जांच शुरू की

Advertisement

दड़ गांव के पास बेकाबू कार ने पहले दो महिलाओं को मारी टक्कर

अक्षरविश्व न्यूज देवास। उदयनगर क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। इंदौर से पिकनिक मनाने आए कार सवार ने ग्राम दड़ के पास वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को टक्कर मार दी। इसके बाद घर के बाहर कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग को चपेट में लेते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीनों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 11 बजे उदयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दड़ के पास हुआ। देवनालिया-जूनापानी क्षेत्र के निवासी मनीबाई (40) और जमुनाबाई (45) सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान इंदौर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दो महिलाओं को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी। आगे बढ़ते हुए उसने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे शंकर (80) को टक्कर मार दी और फिर पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग और दूसरी महिला की भी मौत हो गई।

Advertisement

चालक भी घायल, कार से मिले खाना बनाने के बर्तन
पुलिस के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि अनियंत्रित होने के बाद उसने सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में चालक धर्मेंद्र जैन निवासी रेसकोर्स रोड, इंदौर भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार में पिकनिक के दौरान खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी मिले हैं।

उदयनगर थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला ने बताया कि मृतकों की पहचान शंकर पिता मोहन, मनीबाई पति घनश्याम और जमुनाबाई पति सोहन, निवासी जूनापानी-दड़ क्षेत्र, के रूप में हुई है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर चालक का मेडिकल परीक्षण कराया है। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें