पटनी बाजार के व्यापारी सीएम से मिले और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. जटिया को भी सुनाई पीड़ा

चार मीटर चौड़ा किया तो दुकानें टूटने के बाद काले चद्दर और काले झंडे लगाएंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गुदरी चौराहा से गोपाल मंदिर तक रोड चौड़ीकरण की तैयारी ने दीपावली से पहले पटनी बाजार के व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। सोमवार शाम कुछ व्यापारी वाल्मीकिधाम पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया को अपनी पीड़ा सुनाई। डॉ. जटिया ने मोबाइल नंबर देकर चर्चा पर आने को कहा है। मंगलवार को व्यापारी अपना पक्ष नगर निगम प्रशासन के सामने रखेंगे।
पटनी बाजार के व्यापारी मुख्यमंत्री डॉ. यादव से उस समय मिले, जब वे कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा वे उनके लिए भी कुछ योजना बना रहे हैं। इसके बाद व्यापारियों ने डॉ. जटिया को अपनी समस्याएं बताई और कहा यह बाजार शहर की पहचान और शान है। चौड़ीकरण में कई व्यापारियों की दुकानें ही खत्म हो जाएंगी या बहुत कम बचेगी। डॉ. जटिया से कहा हम इस मामले में आपसे बैठकर बात करना चाहते हैं।
इस पर उन्होंने अपना मोबाइल नंबर दिया और कहा आप समय लेकर मिल सकते हैं। नगर निगम के भवन अधिकारी ने हाल ही सभी को नोटिस जारी कर कहा है कि 27 अक्टूबर को अपना पक्ष रखें और दस्तावेज लेकर आएं। व्यापारी 3 मीटर चौड़ीकरण के लिए सहमत हैं। इस सिलसिले में रविवार को व्यापारियों की एक व्यापारी रहवासी महासंघ के बैनर तले एक जाजम पर बैठे। इसमें करीब 200 व्यापारी जुटे और अपने सुझाव भी रखे।
कुछ ने सुझाव दिया कि अगर उनका प्रस्ताव नहीं माना और दुकानें तोड़ कर चार मीटर चौड़ीकरण किया जाता है तो दुकानों के बाहर काले चद्दर और काले झंडे लगाकर दुकानें ही न खोली जाएं। अभी अधिकतर व्यापारियों ने दुकान के बाहर काले रंग के बैनर लगा रखे हैं, जिन पर लिखा है हम विकास चाहते हैं, विनाश नहीं। इस प्रस्ताव पर अभी सभी की सहमति बनना बाकी है। इसको लेकर भी अलग अलग विचार हैं। कुछ का कहना है कि व्यापार बंद होने से कई तरह की आर्थिक समस्याएं खड़ी हो जाएंगी।









