करवा चौथ : बाजार सजा, डिजाइनर करवे पर जोर

कीमत 20 रुपए से लेकर 50 रुपए तक
उज्जैन। दिनभर निर्जला व्रत। शाम को सोलह शृंगार के साथ पूजा की तैयारी और फिर आसमान में चांद को तलाशती निगाहें। छत-आंगन से चांद को निहारने और उसे देखकर व्रत खोलने की पंरपरा का निर्वहन करने वाली करवा चौथ गुरुवार को आ रही है। इसकी रौनक बाजार में दिखाई देने लगी है। चौथ के लिए करवों का बाजार सज गया है। इस बार अलग-अलग वैरायटी में डिजाइनर करवे आए हैं। इनकी कीमत २० रुपए से लगाकर 50 रुपए तक है। शुक्र तारा अस्त होने से इस बार नवविवाहिताओं के चौथ व्रत रखने को लेकर असंमजस की स्थिति है। बावजूद इसके लोगों में चौथ का क्रेज देखा जा रहा है। प्रतिष्ठानों ने अभी से फ्री मेहंदी जैसे ऑफर से लोगों को लुभाना शुरू कर दिया है।
पूजन सामग्री की दुकानें सजी, खरीदी भी शुरू
जगह-जगह पूजन सामग्री की दुकानें लग गई हैं। इन पर खरीदी भी शुरू हो गई है। नानाखेड़ा में पिछले 10 सालों से दुकान लगाने वाले राजू बडग़ोती ने बताया कि इस बार अलग-अलग डिजाइन के करवे आए हैं। इस अनुसार ही इनकी कीमत भी तय है। सादे करवे २० रुपए में उपलब्ध है तो डिजाइनर 50 रुपए तक। फ्रीगंज में दुकान लगाने वाले राज करवाचौथ पर शुक्र तारा अस्त होने को लेकर परेशान हैं। वह कहते हैं कि नवविवाहितों में व्रत को लेकर बहुत क्रेज रहता है। शुक्र तारा अस्त होने की सूचना का असर ग्राहकी पर पड़ा है। लोगों में व्रत को लेकर असमंजस है। और यही कारण है कि पिछले साल की तुलना में ग्राहकी कमजोर है।
उज्जैन में चंद्रोदय रात 8.33 बजे
उज्जैन में गुरुवार को चंद्रोदय रात 8.33 बजे होगा। ज्योतिष पं. रामचंद्र नायक के मुताबिक इस बार चतुर्थी पर भद्रा नहीं है। ऐसे में आनंदपूवर्क व्रत रखा जा सकता है। बस नवविवाहितों को इस साल यह व्रत शुरू नहीं करना चाहिए, क्योंकि शुक्र ग्रह अस्त है।चूंकि शुक्र दांपत्य जीवन में सुख और सौभाग्य प्रदान करते हैं और यह बाल्य अवस्था में ही है, इसलिए नई नवेली दुल्हनों को यह व्रत नहीं करना चाहिए। यह व्रत सौभाग्य संतति, सुख-समृद्धि प्रदान करने वाला है।









