भोपाल VIP रोड पर RGPV छात्रों से भरी बस हादसे का शिकार

बिजली के खंभे के सहारे पलटने से बची बस, 10 से 11 विद्यार्थी और स्टाफ घायल; हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह वीआईपी रोड पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच आरजीपीवी (राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के विद्यार्थियों को लेकर जा रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद बस पास में लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। खंभे का सहारा मिलने से बस पलटने से बच गई। हादसे में विद्यार्थियों और बस स्टाफ सहित करीब 10 से 11 लोग घायल हो गए।
डिवाइडर से टकराकर खंभे से भिड़ी बस
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह विद्यार्थियों को लेकर कॉलेज जा रही थी। वीआईपी रोड के घुमावदार मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस का अगला हिस्सा डिवाइडर पर चढ़ गया और बस बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में सवार विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात सामान्य कराया।
घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया
हादसे में घायल विद्यार्थियों और बस स्टाफ को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घायलों की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। कुछ विद्यार्थियों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर आए हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें लगी हैं।
तेज रफ्तार की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस बस के दस्तावेजों, चालक की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे में किसी की जान नहीं जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।









